मध्य रेल, मुंबई मंडल द्वारा विभिन्न इंजीनियरिंग एवं अनुरक्षण कार्यों के लिए 30 अगस्त 2026, रविवार को उपनगरीय रेलखंडों पर मेगा ब्लॉक संचालित किया जाएगा। इसके चलते विद्याविहार और ठाणे के बीच 5वीं एवं 6वीं लाइन तथा ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच अप एवं डाउन ट्रांस-हार्बर लाइनों पर रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

मुख्य लाइन पर विद्याविहार और ठाणे स्टेशनों के बीच 5वीं एवं 6वीं लाइन पर सुबह 8.00 बजे से दोपहर 13.30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। ब्लॉक अवधि में कई मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और उनके निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने में 10 से 15 मिनट की देरी होगी।

डाउन दिशा की 11055 एलटीटी–गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, 11061 एलटीटी–जयनगर एक्सप्रेस, 16345 एलटीटी–तिरुवनंतपुरम नेत्रावती एक्सप्रेस और 17222 एलटीटी–काकीनाडा पोर्ट एक्सप्रेस को विद्याविहार स्टेशन पर डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद ठाणे स्टेशन पर इन्हें पुनः 5वीं लाइन पर ले जाया जाएगा।

इसी तरह अप दिशा की 22226 सोलापुर–सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस, 11010 पुणे–सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस, 12124 पुणे–सीएसएमटी डेक्कन क्वीन एक्सप्रेस, 12126 पुणे–सीएसएमटी प्रगति एक्सप्रेस, 12134 मंगलुरु–सीएसएमटी एक्सप्रेस, 13201 राजगीर–एलटीटी जनता एक्सप्रेस, 17221 काकीनाडा पोर्ट–एलटीटी एक्सप्रेस, 12168 बनारस–एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12321 हावड़ा–सीएसएमटी मुंबई मेल और 12812 हटिया–एलटीटी एक्सप्रेस को ठाणे स्टेशन पर अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। एलटीटी जाने वाली ट्रेनों के साथ इन्हें विद्याविहार स्टेशन पर पुनः 6वीं लाइन पर ले जाया जाएगा। इन ट्रेनों के गंतव्य तक पहुंचने में ब्लॉक अवधि के दौरान 10 से 15 मिनट की देरी होगी।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर ठाणे और वाशी/नेरुल स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन लाइन पर सुबह 11.10 बजे से शाम 16.10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस अवधि में ठाणे–वाशी/नेरुल/पनवेल के बीच अप एवं डाउन ट्रांस-हार्बर सेवाएं निलंबित रहेंगी।

ठाणे से 10.35 बजे से 16.07 बजे तक वाशी/नेरुल/पनवेल के लिए रवाना होने वाली डाउन ट्रांस-हार्बर सेवाएं रद्द रहेंगी। वहीं, पनवेल/नेरुल/वाशी से ठाणे के लिए 10.25 बजे से 16.09 बजे तक रवाना होने वाली अप ट्रांस-हार्बर सेवाएं भी रद्द रहेंगी।

बेलापुर-उरण लाइन पर ट्रेनें रविवार के समय-सारणी के अनुसार चलेंगी। मध्य रेल प्रशासन के अनुसार, ये अनुरक्षण मेगा ब्लॉक रेल बुनियादी ढांचे के रखरखाव एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं। यात्रियों से ब्लॉक के कारण होने वाली असुविधा के लिए रेलवे प्रशासन के साथ सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

Tags: