अहमदाबाद। यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सुनने के लिए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 22 अक्टूबर 2026 को रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत होने वाले इस कार्यक्रम में अहमदाबाद रेलवे स्टेशन सहित मंडल के कुल 107 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और आमजन से संवाद स्थापित किया जाएगा।

भारतीय रेल की ओर से 22 अक्टूबर 2026 को सभी रेलवे स्टेशनों एवं इकाइयों में रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में अहमदाबाद मंडल में भी इस पहल के तहत यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को जानने के साथ यात्री सुविधाओं में सुधार को लेकर उनके विचारों पर सार्थक चर्चा की जाएगी।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद, श्री वेद प्रकाश यात्रियों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान यात्रियों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की जाएगी, ताकि उनकी जरूरतों के अनुरूप यात्री सुविधाओं और सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा सकें।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे की सेवाओं, यात्री सुविधाओं और जन-जागरूकता से संबंधित विषयों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से यात्रियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। संवाद के दौरान प्राप्त प्रतिक्रियाओं और सुझावों के आधार पर यात्री सेवाओं को अधिक बेहतर, सुविधाजनक और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

रेल जन संवाद कार्यक्रम 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को सुबह 11 बजे अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मीडिया प्रतिनिधियों के एकत्रित होने का स्थान प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर स्थित स्टेशन डायरेक्टर कार्यालय का वीआईपी कक्ष निर्धारित किया गया है।

अहमदाबाद मंडल, पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसकी कवरेज करने का अनुरोध किया है। इस कार्यक्रम के जरिए यात्रियों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे रेल प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा, जिससे यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए उनकी प्रतिक्रियाओं को आधार बनाया जा सकेगा।

Tags: