नए श्रम कानूनों से बदलेगा श्रम परिदृश्य, अहमदाबाद मंडल में जागरूकता सेमिनार आयोजित
अहमदाबाद मंडल में नए श्रम कानूनों पर जागरूकता सेमिनार हुआ, जिसमें चारों श्रम संहिताओं और अनुपालन से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा हुई।
तस्वीर में अहमदाबाद मंडल में आयोजित नए श्रम कानूनों से जुड़े जागरूकता सेमिनार के दौरान मंच पर बैठे अधिकारी नजर आ रहे हैं।
अहमदाबाद मंडल में नए श्रम कानूनों के प्रावधानों, उनके प्रभाव और अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को लेकर इंटरैक्टिव सत्र एवं जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। रेलवे बोर्ड एवं पश्चिम रेलवे मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में मंडल के कार्मिक विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्य श्रम आयुक्त श्री वी. आर. गणेशन और सहायक श्रम आयुक्त श्री विकास बिश्नोई की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सिद्धार्थ सहित मंडल के संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और रेलवे से जुड़े ठेकेदार उपस्थित रहे।
भारत सरकार ने 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को समाहित कर चार व्यापक श्रम संहिताएं तैयार की हैं। इनका उद्देश्य श्रमिकों के अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा का विस्तार, सुरक्षित एवं बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने के साथ श्रम कानूनों की अनुपालन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाना है।
श्रम सुधार की चार प्रमुख संहिताओं में वेतन संहिता, 2019 के तहत न्यूनतम वेतन, फ्लोर वेज, समय पर वेतन भुगतान, लैंगिक समानता और बोनस संबंधी प्रावधानों को सुव्यवस्थित किया गया है। औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 में ट्रेड यूनियनों, औद्योगिक विवादों के समाधान, औद्योगिक संबंधों तथा श्रमिकों के पुनः कौशल विकास से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।
सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 में ईपीएफ, ईएसआईसी और ग्रेच्युटी सहित सामाजिक सुरक्षा संबंधी प्रावधानों को व्यापक विधायी ढांचे में समाहित किया गया है। वहीं व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 में श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर कार्य परिस्थितियों के लिए व्यापक प्रावधान निर्धारित किए गए हैं।
सेमिनार में चारों श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, कर्मचारियों के अधिकारों एवं सुविधाओं, नियोक्ताओं एवं ठेकेदारों के दायित्व तथा वैधानिक अनुपालन से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को श्रम कानूनों के व्यावहारिक पहलुओं और कार्यस्थल पर इनके प्रभाव से भी अवगत कराया गया।
इंटरैक्टिव सत्र के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों ने विभिन्न प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखीं। उप मुख्य श्रम आयुक्त श्री वी. आर. गणेशन और सहायक श्रम आयुक्त श्री विकास बिश्नोई ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए संबंधित प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सिद्धार्थ ने श्रम कानूनों की समुचित समझ विकसित करने और निर्धारित प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
अहमदाबाद मंडल में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम नए श्रम कानूनों की व्यापक समझ विकसित करने, श्रमिक हितों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा एवं सुरक्षित कार्य वातावरण को बढ़ावा देने तथा मंडल में विधिसम्मत और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।