दीपिका पादुकोण के लिव लव लाफ फाउंडेशन में डॉ. इंदु भूषण की बड़ी नियुक्ति, बने ट्रस्टी
| दीपिका पादुकोण के लिव लव लाफ फाउंडेशन ने आयुष्मान भारत के पूर्व संस्थापक CEO डॉ. इंदु भूषण को बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ में शामिल किया है। जानिए उनके चार दशक के अनुभव और फाउंडेशन की मानसिक स्वास्थ्य पहल के बारे में।
तस्वीर में बाईं ओर डॉ. इंदु भूषण और दाईं ओर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं, जिन्हें द लिव लव लाफ फाउंडेशन के बोर्ड में शामिल किया गया है।
अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने वाले संगठन द लिव लव लाफ फाउंडेशन (LLL) ने डॉ. इंदु भूषण को अपने बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ में शामिल किया है। आयुष्मान भारत योजना को आकार देने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की स्थापना से जुड़े रहे डॉ. भूषण अपने साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के निर्माण और बड़े स्तर पर योजनाओं के संचालन का चार दशक से अधिक का अनुभव लेकर आए हैं। फाउंडेशन की यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब संगठन भारत में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाने के अपने प्रयासों के दूसरे दशक में प्रवेश कर रहा है।
डॉ. इंदु भूषण राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (National Health Authority) के संस्थापक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रह चुके हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार करने और उसका नेतृत्व करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन का भी नेतृत्व किया, जिसे बाद में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन नाम दिया गया।
उनका पेशेवर अनुभव भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक (ADB) तक फैला हुआ है। ADB में उन्होंने डायरेक्टर जनरल के रूप में कार्य किया और चीन सहित एशिया की विभिन्न अर्थव्यवस्थाओं के साथ संस्थान के जुड़ाव को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लिव लव लाफ फाउंडेशन की संस्थापक दीपिका पादुकोण ने डॉ. भूषण की नियुक्ति पर कहा, "जब मैंने 2015 में द लिव लव लाफ फाउंडेशन की शुरुआत की थी, तब मेरा उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना था, जहां मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बातचीत अधिक खुलेपन और संवेदनशीलता के साथ शुरू हो सके और लोगों के लिए देखभाल एवं उपचार तक पहुंच बेहतर बनाई जा सके। बीते वर्षों में LLL ने जितनी प्रगति की है, उसकी हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी। हालांकि, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हम व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने के तरीकों पर भी काम करना चाहते हैं। डॉ. भूषण की नियुक्ति से हमारे बोर्ड को ठीक उसी तरह का अनुभव और विशेषज्ञता मिलेगी, जिसकी LLL को अपने मिशन को और आगे बढ़ाने के लिए आवश्यकता है। मैं बोर्ड में उनका स्वागत करते हुए बेहद खुश हूं।"
फाउंडेशन के चेयरपर्सन डॉ. श्याम भाट ने कहा, "भारत के सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंडे में मानसिक स्वास्थ्य को अधिक मजबूती से शामिल करना देश की विकास क्षमता को पूरी तरह साकार करने के लिए बेहद जरूरी है। डॉ. भूषण अपने साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य, नीतिगत समझ और योजनाओं के क्रियान्वयन का दुर्लभ अनुभव लेकर आए हैं। आयुष्मान भारत जैसी व्यापक स्वास्थ्य योजना को तैयार करने और बड़े स्तर पर लागू करने का उनका प्रत्यक्ष अनुभव इस बात की गहरी समझ प्रदान करता है कि बड़े स्वास्थ्य तंत्र किस तरह तैयार किए जाते हैं और उनका संचालन कैसे होता है। यह अनुभव भारत के मानसिक स्वास्थ्य इकोसिस्टम में LLL के निरंतर योगदान को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।"
नवनियुक्त ट्रस्टी डॉ. इंदु भूषण ने कहा, "मानसिक स्वास्थ्य एक ऐसा क्षेत्र रहा है, जिसमें मैं लंबे समय से योगदान देना चाहता था। द लिव लव लाफ फाउंडेशन ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज की सोच बदलने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों और उनकी देखभाल करने वालों के लिए सहायता के नए रास्ते तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विशेष रूप से उन समुदायों के लिए, जहां अब तक पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। मैं LLL के प्रभाव को और मजबूत बनाने तथा भारत की मानसिक स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सुलभ, समानतापूर्ण और लोगों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील बनाने में अपने अनुभव का योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।"
डॉ. भूषण पिछले एक वर्ष से अधिक समय से LLL की टेक्निकल एडवाइजरी कमेटी के सदस्य के रूप में भी जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने से संबंधित फाउंडेशन के प्रयासों और योजनाओं में योगदान दिया है।
2015 में स्थापित द लिव लव लाफ फाउंडेशन भारत में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक स्तर पर देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को किफायती तथा सुलभ बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
फाउंडेशन का ग्रामीण सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम वर्तमान में कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में संचालित है। इस कार्यक्रम के माध्यम से 18 जिलों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे 30,000 से अधिक लोगों और उनके देखभालकर्ताओं तक पहुंच बनाई गई है। कार्यक्रम में जागरूकता, शुरुआती स्तर पर समस्याओं की पहचान, उपचार तक पहुंच, देखभालकर्ताओं को सशक्त बनाने और सामुदायिक भागीदारी को एक साथ जोड़कर काम किया जाता है।
इस पहल का संचालन गांव स्तर पर देखभालकर्ताओं के समूहों, ब्लॉक स्तर के महासंघों और प्रशिक्षित सामुदायिक स्वयंसेवकों के माध्यम से किया जाता है। इसका उद्देश्य समुदायों को अपने स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रणालियां विकसित करने और उन्हें लंबे समय तक बनाए रखने में सक्षम बनाना है।
LLL ने #NotAshamed और Dobara Poocho जैसे देशव्यापी जागरूकता अभियानों का भी नेतृत्व किया है। इन अभियानों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बातचीत को चुप्पी और सामाजिक कलंक से बाहर निकालकर समझ, संवेदनशीलता और सकारात्मक कदमों की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। वहीं, फाउंडेशन का कॉर्पोरेट मेंटल हेल्थ एंड वेल-बीइंग प्रोग्राम संगठनों को आंकड़ों पर आधारित जानकारी और व्यावहारिक कार्ययोजना उपलब्ध कराता है, जिससे वे मानसिक रूप से अधिक मजबूत और स्वस्थ कार्यस्थल तैयार कर सकें।
डॉ. इंदु भूषण के पास सार्वजनिक प्रशासन, स्वास्थ्य अर्थशास्त्र, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, विकास वित्त और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने 1983 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) जॉइन की और राजस्थान कैडर में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मेडिकल एंड हेल्थ सर्विसेज (IEC) के निदेशक और दौसा के जिला कलेक्टर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
IAS में सेवाएं देने के बाद उन्होंने अमेरिका में डॉक्टरेट की पढ़ाई पूरी की और विश्व बैंक में सीनियर इकोनॉमिस्ट के रूप में काम किया। वर्ष 1997 में वह एशियाई विकास बैंक (ADB) से जुड़े। यहां अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ नेतृत्वकारी पदों पर जिम्मेदारी संभाली। इनमें ईस्ट एशिया डिपार्टमेंट के डायरेक्टर जनरल और स्ट्रैटेजी एंड पॉलिसी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर जनरल जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। उन्होंने चीन सहित एशिया की कई अर्थव्यवस्थाओं के साथ ADB के जुड़ाव में अहम भूमिका निभाई।
वर्ष 2018 में भारत सरकार ने उन्हें आयुष्मान भारत और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया। इस जिम्मेदारी के तहत उन्होंने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन का नेतृत्व किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन को लागू करने की जिम्मेदारी भी संभाली, जिसका उद्देश्य देश की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए मजबूत डिजिटल आधार तैयार करना था।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रशिक्षित डॉ. भूषण ने जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ हाइजीन एंड पब्लिक हेल्थ से हेल्थ इकोनॉमिक्स में पीएचडी और मास्टर ऑफ हेल्थ साइंसेज की डिग्री हासिल की है। उन्होंने IIT दिल्ली से कंट्रोल सिस्टम्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और IIT-BHU से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। IIT-BHU में वह गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं। इसके अलावा, वह चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) भी हैं।
सार्वजनिक स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें वियतनाम सरकार का पॉपुलेशन अवॉर्ड, जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी का ग्लोबल अचीवमेंट अवॉर्ड, भारत सरकार का ई-गवर्नेंस गोल्ड मेडल और BHU का गोल्ड मेडल एवं डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड शामिल हैं।
डॉ. भूषण की नियुक्ति से लिव लव लाफ फाउंडेशन के बोर्ड में सार्वजनिक स्वास्थ्य नीति, स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और बड़े स्वास्थ्य तंत्र के संचालन का अनुभव जुड़ेगा। फाउंडेशन का लक्ष्य मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ग्रामीण और शहरी समुदायों में सहायता व्यवस्था को मजबूत करना है।