नोहर के पूनिया दंपती ने हासिल की पीएचडी की उपाधि, शैक्षणिक क्षेत्र में बढ़ाया मान
श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय से डॉ. सुरेंद्र कुमार और डॉ. प्रेमलता पूनिया ने भूगोल विषय में शोध पूर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय से भूगोल विषय में एक साथ पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले नोहर के डॉ. सुरेंद्र कुमार पूनिया (बाएं) और उनकी पत्नी डॉ. प्रेमलता पूनिया (दाएं)।
राजस्थान के नोहर तहसील के गांव सिरंगसर के पूनिया परिवार के डॉ. सुरेंद्र कुमार और उनकी पत्नी डॉ. प्रेमलता पूनिया ने पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर नोहर का नाम रोशन किया है। दोनों ने श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय (एसकेडी), हनुमानगढ़ से 22 अगस्त 2026 को पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर शैक्षणिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। यह उपलब्धि एसएनडीबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोहर के लिए भी हर्ष और गौरव का विषय है।
डॉ. सुरेंद्र कुमार ने “नगरीकरण का कालिक एवं स्थानिक स्वरूप का भौगोलिक विश्लेषण : नोहर नगर के संदर्भ में” विषय पर अपना शोध कार्य पूर्ण किया। उनके शोध निर्देशक डॉ. बाबूलाल पारीक रहे।
वहीं, उनकी पत्नी डॉ. प्रेमलता पूनिया ने “कृषि की उत्पादकता एवं सिंचाई का भौगोलिक विश्लेषणात्मक अध्ययन : नोहर तहसील के संदर्भ में” विषय पर शोध कार्य पूरा किया। उनकी शोध निर्देशक डॉ. बबीता जी रहीं।
पूनिया दंपती द्वारा एक साथ पीएचडी की उपाधि प्राप्त करना उनके परिवार के साथ-साथ नोहर क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है। दोनों ने अपने शोध कार्यों के माध्यम से नगरीकरण, कृषि उत्पादकता और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों का भौगोलिक अध्ययन किया।
इस उपलब्धि पर एसएनडीबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नोहर के प्राध्यापकों, सहकर्मियों, परिवारजनों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. सुरेंद्र कुमार और डॉ. प्रेमलता पूनिया को बधाई दी। साथ ही, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दोनों की यह सफलता उच्च शिक्षा, शोध और अकादमिक क्षेत्र के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है।