निर्देशक विशाल फुरिया की आगामी अनाम हॉरर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने की घोषणा के बीच मुंबई में अभिनेता आर माधवन।

अभिनेता आर. माधवन एक बार फिर हॉरर फिल्मों की दुनिया में वापसी करने जा रहे हैं। 'शैतान' से दर्शकों को डर का अनुभव कराने के बाद अब वह निर्देशक विशाल फुरिया की आगामी हॉरर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण फ्रॉस्टलिट प्रोडक्शन लिमिटेड के बैनर तले रोहित रंजन करेंगे।

आर. माधवन के साथ काम करने को लेकर निर्देशक विशाल फुरिया ने अपनी प्रतिक्रिया भी साझा की। उन्होंने कहा, "माधवन सर हमेशा से मेरी पहली और एकमात्र पसंद थे। मुझे बेहद खुशी है कि वह इस फिल्म से जुड़ गए हैं और उन्होंने फिल्म की दुनिया को समझने की दिशा में काम भी शुरू कर दिया है। वह भारतीय हॉरर की कल्ट क्लासिक फिल्म '13B' के असली ओजी हॉरर स्टार हैं, जो मेरी अब तक की सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक है। हॉरर फिल्मों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अनुभव और गंभीर हॉरर को समझने की क्षमता बेहद दुर्लभ है। इस फिल्म के लिए मैं उनसे बेहतर किसी और कलाकार की कल्पना नहीं कर सकता।"

विशाल फुरिया ने आगे कहा, "माधवन सर को लेखक, निर्देशक और निर्माता के रूप में भी कई वर्षों का अनुभव है। इसलिए उनका इस फिल्म से जुड़ना हमारे लिए विशेष है। हम दोनों मिलकर भारतीय हॉरर सिनेमा में ऐसा कुछ बनाना चाहते हैं, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा हो। हम ऐसा डर पैदा करना चाहते हैं, जिसे दर्शक अपनी हड्डियों तक महसूस कर सकें।"

फिलहाल इस फिल्म का शीर्षक तय नहीं हुआ है। बिना नाम वाली इस आगामी फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियों की प्रतीक्षा है। फिल्म का निर्माण रोहित रंजन फ्रॉस्टलिट प्रोडक्शन लिमिटेड के बैनर तले करेंगे।

निर्देशक विशाल फुरिया इससे पहले काजोल अभिनीत फिल्म 'मां' और नुसरत भरूचा अभिनीत फिल्म 'छोरी' का निर्देशन कर चुके हैं। अब आर. माधवन के साथ उनकी आगामी हॉरर फिल्म भारतीय हॉरर सिनेमा में एक नया प्रोजेक्ट होगी।