फिल्म ‘वाराणसी’ का कॉमिक कॉन मेक्सिको 2026 में भव्य आगाज, जानें अहम डिटेल्स
प्रोड्यूसर एस. एस. कार्तिकेय ने फिल्म के सेट निर्माण और शूटिंग चुनौतियों पर चर्चा की; फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मेक्सिको में आयोजित कॉमिक कॉन 2026 में प्रदर्शित फिल्म ‘वाराणसी’ का पोस्टर, जिसमें महेश बाबू रुद्र की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय मंच Comic Con Experience Mexico 2026 में भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ ने भव्य उपस्थिति दर्ज कराते हुए वैश्विक ध्यान आकर्षित किया, जहां प्रोड्यूसर एस. एस. कार्तिकेय ने फिल्म के निर्माण से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं।
एस. एस. राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ हाल के समय की सबसे ज्यादा इंतजार की जा रही भारतीय फिल्मों में शामिल है। फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर चर्चा तब और तेज हुई जब इसका पहला ग्लिम्प्स यूरोप की प्रतिष्ठित स्क्रीन Le Grand Rex में आयोजित ट्रेलर फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया। प्रीव्यू को दर्शकों ने पहली ही फ्रेम से तालियों, चीयर और सीटियों के साथ शानदार प्रतिक्रिया दी।
कॉमिक कॉन एक्सपीरियंस मेक्सिको 2026 के मंच पर फिल्म को प्रस्तुत करते हुए एस. एस. कार्तिकेय ने बताया, “कहानी की शुरुआत, बीच और अंत सब वाराणसी में होता है। इसे भारत की आध्यात्मिक राजधानी कहा जाता है और यह दुनिया के सबसे पुराने जीवित शहरों में से एक है। डायरेक्टर एस. एस. राजामौली के मन में वाराणसी के घाटों पर कुछ विशेष सीक्वेंस थे, जिन्हें वास्तविक लोकेशन पर शूट करना चुनौतीपूर्ण था। एक प्रोड्यूसर के रूप में हमारी जिम्मेदारी थी कि हम इसे संभव बनाएं।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रोडक्शन डिजाइन टीम को वाराणसी भेजा गया, जहां से हर आवश्यक डिटेल, माप और फोटो रेफरेंस जुटाए गए। इसके बाद फिल्म के लिए वाराणसी के घाटों को ईंट-ईंट जोड़कर तैयार किया गया, ताकि निर्देशक का विजन पूरी सटीकता के साथ पर्दे पर उतारा जा सके।
फिल्म से जारी लुक्स ने पहले ही दर्शकों में उत्साह बढ़ा दिया है। महेश बाबू का रुद्र के रूप में दमदार लुक, पृथ्वीराज सुकुमारन का कुंभा के तौर पर इंटेंस अवतार और प्रियंका चोपड़ा जोनस का मंदाकिनी के रूप में प्रभावशाली रूप सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
इन प्रभावशाली झलकियों के बाद दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। ‘वाराणसी’ 7 अप्रैल 2027 को बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिससे भारतीय सिनेमा के वैश्विक विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।