शाह रुख खान ने लॉस एंजिलिस में नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का किया उद्घाटन
अमेरिका में क्रिकेट के विस्तार की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है। नए स्टेडियम में मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के मुकाबले खेले जाएंगे।
तस्वीर में अभिनेता शाह रुख खान और लॉस एंजिलिस स्थित नवनिर्मित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का दृश्य दिख रहा है।
अभिनेता और नाइट राइडर्स ग्रुप के सह-मालिक शाह रुख खान ने लॉस एंजिलिस में नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन कर वैश्विक क्रिकेट के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। इसी के साथ इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के नए स्टेडियम ने अपने पहले मेजर लीग क्रिकेट (MLC) मुकाबले की मेजबानी की, जिसमें लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स का सामना वॉशिंगटन फ्रीडम से हुआ। यह आयोजन संयुक्त राज्य अमेरिका में क्रिकेट के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवनिर्मित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड किसी वैश्विक क्रिकेट फ्रेंचाइजी द्वारा स्थापित पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है। यह परियोजना नाइट राइडर्स ग्रुप की विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के माध्यम से क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निर्मित इस स्टेडियम में मुख्य स्क्वायर पर आठ विकेट तैयार किए गए हैं। मैदान के आयाम आईसीसी मानकों के अनुसार विकसित किए गए हैं, जबकि 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं। इस विश्वस्तरीय क्रिकेट परिसर के निर्माण के दौरान 32,000 मीट्रिक टन से अधिक मिट्टी का उपयोग कर मैदान को खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए उत्कृष्ट अनुभव प्रदान करने योग्य बनाया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शाह रुख खान ने कहा, "जो कभी एक सपना था, वह आज हकीकत बन गया है। दुनिया के दूसरे सबसे अधिक देखे जाने वाले खेल क्रिकेट को लॉस एंजिलिस तक लाना हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। फेयरप्लेक्स और नाइट राइडर्स के बीच इस दीर्घकालिक साझेदारी के माध्यम से हम केवल एक क्रिकेट स्टेडियम नहीं बना रहे हैं, बल्कि ऐसा स्थान तैयार कर रहे हैं जो समुदाय, एकजुटता, ऊर्जा और मनोरंजन का उत्सव बने।"
उन्होंने आगे कहा, "यह केवल खेल के लिए नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और ऐसी यादों के लिए भी बनाया गया है जो हमेशा कायम रहेंगी। हमें उम्मीद है कि यह लॉस एंजिलिस में क्रिकेट का नया घर बनेगा और आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों को प्रेरित करेगा। यह लॉस एंजिलिस, दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों और पूरे नाइट राइडर्स परिवार के लिए है। बिलीव इन पर्पल एंड गोल्ड।"
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने भी इस परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड, लॉस एंजिलिस केवल एक स्टेडियम नहीं, बल्कि क्रिकेट के भविष्य के प्रति हमारी मंशा का स्पष्ट संदेश है। किसी वैश्विक क्रिकेट ब्रांड द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थापना नाइट राइडर्स ग्रुप के लिए गर्व का क्षण है। हमारा मानना है कि खेल के विकास के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का होना आवश्यक है। हमारा उद्देश्य ऐसा मैदान तैयार करना था जहां खिलाड़ी खेलना पसंद करें, प्रशंसक आना पसंद करें और स्थानीय समुदाय इसे अपने क्रिकेट घर के रूप में अपनाए।"
उद्घाटन समारोह की विशेष आकर्षण एनबीए चैंपियन रॉन आर्टेस्ट, जिन्हें मेट्टा वर्ल्ड पीस के नाम से भी जाना जाता है, रहे। उन्होंने मेजर लीग क्रिकेट के उद्घाटन मुकाबले में औपचारिक पहली गेंद फेंकी। उनकी मौजूदगी ने क्रिकेट और अमेरिकी मुख्यधारा के खेलों के बीच बढ़ते संबंधों को रेखांकित किया तथा यह भी दिखाया कि नाइट राइडर्स ग्रुप लॉस एंजिलिस की खेल संस्कृति में क्रिकेट को मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड 1 जुलाई से 5 जुलाई तक मेजर लीग क्रिकेट के मुकाबलों की मेजबानी करेगा। यह नया अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम संयुक्त राज्य अमेरिका में क्रिकेट की बढ़ती मौजूदगी को और मजबूती देगा तथा नाइट राइडर्स ग्रुप के उस वैश्विक विजन को आगे बढ़ाएगा, जिसके तहत क्रिकेट को दुनिया भर में नए दर्शकों तक अधिक सुलभ बनाया जा रहा है।