तस्वीर में पॉडकास्ट स्टूडियो में बैठकर मुस्कुराते हुए बातचीत करते कोमल नाहटा और समीर अंजान।   

‘कुछ कुछ होता है’ के गाने को लेकर निर्देशक डेविड धवन के मजेदार रिएक्शन का किस्सा मशहूर गीतकार समीर अंजान ने साझा किया है। भारत के जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा अपने पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज़’ के नए सीजन के साथ वापस लौट आए हैं। इस सीरीज़ में मशहूर गायकों, संगीतकारों और संगीत की दुनिया से जुड़े दिग्गजों की रचनात्मक यात्राओं, उनकी प्रेरणाओं और उस संगीत के पीछे की अनकही कहानियों पर खास रोशनी डाली जा रही है। लेटेस्ट एपिसोड में मशहूर गीतकार समीर अंजान बतौर मेहमान नजर आए।

चार दशकों से अधिक लंबे रिकॉर्डतोड़ करियर और हजारों आइकॉनिक गानों का हिस्सा रहे समीर अंजान बॉलीवुड के सबसे सफल और prolific गीतकारों में से एक हैं। 90 और 2000 के दशक के कई बड़े चार्टबस्टर्स को अपनी कलम से सजाने वाले समीर ने अपने गीतों के जरिए भावनाओं और कमर्शियल अपील का बेहतरीन संतुलन कायम किया, जिसकी वजह से वह अलग-अलग पीढ़ियों के फिल्ममेकर्स के पसंदीदा गीतकार बने रहे हैं।

बातचीत के दौरान समीर अंजान ने निर्देशक डेविड धवन के उस बेबाक रिएक्शन को याद किया, जो उन्होंने ‘कुछ कुछ होता है’ के आइकॉनिक टाइटल ट्रैक के रिलीज होने के बाद दिया था। समीर ने हंसते हुए बताया, “कुछ कुछ होता है का जो पहला गाना रिलीज हुआ था, वो ‘तुम पास आए, यूं मुस्कुराए’ था। डेविड धवन ने वो गाना सुना। उन्होंने मुझे फोन करके कहा, ‘बड़ा गंदा गाना लिखा है तूने, यार। मेरी पिक्चर में ऐसा गाना लिखना मत’ (हंसते हुए)! मैंने उनसे पूछा, ‘तेरी पिक्चर का गाना है? तू क्यों परेशान हो रहा है? जाने दे ना।’ उन्होंने कहा, ‘मेरी फिल्म के गाने भी रिलीज हुए हैं। उस फिल्म के म्यूजिक को खत्म नहीं कर दिया तो तू मुझे बता!’”

समीर अंजान द्वारा सुनाया गया यह किस्सा ‘कुछ कुछ होता है’ के गाने ‘तुम पास आए, यूं मुस्कुराए’ को लेकर डेविड धवन की तत्काल प्रतिक्रिया को सामने लाता है। बातचीत में यह प्रसंग ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज़’ के उस अंदाज को भी दर्शाता है, जिसमें भारतीय सिनेमा और संगीत से जुड़े दिग्गज अपनी रचनात्मक यात्राओं के साथ उनसे जुड़े अनकहे किस्से साझा करते हैं।

‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज़’ के साथ कोमल नाहटा भारतीय सिनेमा से जुड़ी बातचीत को एक नए अंदाज में पेश कर रहे हैं। इस खास एपिसोड को ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज़’ के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।