तस्वीर में बाईं तरफ रश्मि देसाई और दाईं तरफ सरगुन मेहता व रवि दुबे नजर आ रहे हैं।

मुंबई, सितम्बर, 2026: स्टार प्लस जल्द ही नया शो ‘सयोनी’ लेकर आ रहा है। शो में रश्मि देसाई दमदार किरदार ‘माया’ की भूमिका में नजर आएँगी। उनके साथ जान्हवी सोनी ‘सानवी’ और गौतम सिंह विग, सानवी की जिंदगी में आने वाले नए साथी की भूमिका निभाएँगे। शो के प्रोमो में माया, सानवी और उनकी जिंदगी में आने वाले बदलावों की झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। रश्मि देसाई की टेलीविजन पर वापसी से भी शो को लेकर उत्साह बढ़ा है।

प्रसारण से पहले रश्मि देसाई ने निर्माता सरगुन मेहता और रवि दुबे के साथ काम करने के अनुभव को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने दोनों को ‘कमाल का’ बताया और कहा कि उनके साथ काम करते हुए उन्हें घर जैसा महसूस होता है। रश्मि ने यह भी बताया कि बीते वर्षों में काम को लेकर उनका नजरिया बदला है और क्यों उन्हें लगा कि ‘सयोनी’ उनके लिए सही प्रोजेक्ट है।

रश्मि देसाई ने कहा, “मुझे अपने काम से प्यार है, अपने सफर से प्यार है और सेट पर रहना मुझे बेहद पसंद है। अब मैं पहले से ज्यादा अनुशासित और अपने काम को लेकर ज्यादा केंद्रित हूँ। अनुभव बढ़ने के साथ मुझे लगता है कि अब मैं पहले से कहीं बेहतर काम कर सकती हूँ। सबसे अहम् बात यह है कि मैं किन लोगों के साथ काम कर रही हूँ। मेरे निर्देशक और निर्माता सरगुन और रवि, मुझे लगता है कि वे कमाल के हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “सरगुन और रवि बतौर निर्माता टेलीविजन पर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और उत्तम बेलावत भी एक बेहतरीन निर्देशक हैं। कई बार पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों को दर्शक नहीं जान पाते, जबकि वही आपके काम को सही दर्शकों तक पहुँचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। उत्तम इस शो की धड़कन हैं और सरगुन व रवि के साथ काम करते हुए मुझे घर जैसा महसूस होता है। मुझे लगा कि इतने शानदार लोगों के साथ काम करना मेरे जीवन का एक नया और अहम् मोड़ साबित हो सकता है, इसलिए मैंने तुरंत इस सफर का हिस्सा बनने का फैसला किया। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए सबसे अच्छा निर्णय है। अच्छा हुआ कि मैंने इतने लंबे समय तक इंतजार किया। अपनी भावनाओं के प्रति ईमानदार रहना भी जरूरी है, क्योंकि मैंने कभी जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया।”

‘सयोनी’ में रश्मि देसाई, जान्हवी सोनी और गौतम सिंह विग मुख्य भूमिकाओं में नजर आएँगे। शो का प्रसारण 23 सितंबर से शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होने जा रहा है।