राइज एंड फॉल 2 में मनीष कश्यप पर भड़के सहवाग, बोले- 50 गांवों में रहते थे गैंगस्टर
शो में धमकियों और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल पर होस्ट सहवाग ने नाराजगी जताई और नजफगढ़ के अपने दिनों का हवाला दिया।
गौतम गुलाटी, होस्ट वीरेंद्र सहवाग और मनीष कश्यप रियलिटी शो के मंच पर।
रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में टीवी अभिनेता गौतम गुलाटी और बिहार के इंफ्लुएंसर मनीष कश्यप के बीच जारी जुबानी जंग पर होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने नाराजगी जताई। शो में धमकियों और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से नाराज सहवाग ने दोनों को फटकार लगाते हुए कहा कि खेल में जीत हासिल करने के लिए किसी को गाली देने या नीचा दिखाने की जरूरत नहीं है। इस दौरान उन्होंने अपने गृह क्षेत्र नजफगढ़ का जिक्र करते हुए बताया कि वहां गैंगस्टरों का प्रभाव रहा है, लेकिन उन्होंने कभी अपने इलाके का नाम लेकर किसी को धमकाने की कोशिश नहीं की।
शो में हर दिन नए घटनाक्रम देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप के बीच विवाद बढ़ गया है। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कह रहे हैं। मनीष कश्यप ने कई बार गौतम गुलाटी को धमकी भी दी है। इस पूरे घटनाक्रम पर शो के होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने नाराजगी जाहिर की और प्रतिभागियों को उनके व्यवहार के लिए फटकार लगाई।
मनीष कश्यप को संबोधित करते हुए सहवाग ने अपने गृह क्षेत्र नजफगढ़ का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली के एक छोटे से कस्बे नजफगढ़ से आते हैं, जहां करीब 100 गांव हैं और इनमें से 50 गांवों में गैंगस्टर रहते थे। सहवाग के मुताबिक, पुराने अखबारों के पन्ने पलटने पर ऐसी सुर्खियां देखने को मिलती थीं कि एक गैंगस्टर ने दूसरे गैंगस्टर को मार दिया। इसके बावजूद उन्होंने अपने पूरे करियर में कभी अपने क्षेत्र का नाम लेकर किसी को डराने या धमकाने की कोशिश नहीं की।
सहवाग ने कहा, ‘आपको पता है कि मैं कहां से आता हूं? दिल्ली में एक छोटा सा कस्बा है, जिसका नाम है नजफगढ़। वहां करीब 100 गांव हैं, जिसके 50 गांव में सिर्फ गैंगस्टर रहते हैं। पुराने पन्ने उठाकर देखोगे, तो हेडलाइन्स आती थीं कि इस गैंगस्टर ने उस गैंगस्टर को मार दिया। मगर क्या मेरे करियर में कभी किसी ने मेरे मुंह से सुना किया मैं कहां से आता हूं। मैंने कभी कहा कि मैं जिस इलाके से आता हूं, वहां गोलियां चलती हैं?’
सहवाग ने आगे शो में इस्तेमाल की जा रही भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें लगा था कि यह सेलिब्रिटी वाला शो है, लेकिन यहां अपराधियों जैसी बातें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई गोलियां चलाने की बात करता है, कोई लाशें बिछाने की बात कहता है और कोई धमकी देता है। सहवाग ने प्रतिभागियों से पूछा कि वे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं और क्या वे गुंडों की तरह व्यवहार करना चाहते हैं।
गौतम गुलाटी को भी उनके व्यवहार के लिए सहवाग ने फटकार लगाई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोई होस्ट करने आया है, तो उसके सामने पैर चढ़ाकर खड़े होने और उसे चुनौती देने का क्या मतलब है। सहवाग ने कहा, ‘मुझे लगा था कि यह सेलेब्रिटी वाला शो है। मगर यह तो क्रिमिनल वाला शो है। कोई गोलियों की बातें करता है। किसी ने कहा कि लाशें बिछा देंगे। कोई धमकी दे रहा है। क्या गुंडे लग रहे हो आप लोग। ये कौन सी भाषा है। गौतम यह कौन सा तरीका है कि कोई होस्ट करने आया है आप पैर चढ़ाकर खड़े हो। आप होस्ट को चैलेंज कर रहे हो?’
उन्होंने प्रतिभागियों को यह भी समझाया कि उनका सभी से लगाव होने का मतलब यह नहीं है कि वे उनके साथ बदतमीजी करें। सहवाग ने कहा कि खेल का असली मजा तब आता है, जब कोई गाली दिए बिना और दूसरे को नीचा दिखाए बिना जीत हासिल करता है। उन्होंने शो में प्रतिस्पर्धा के दौरान सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने पर जोर दिया।
शो में सहवाग के समझाने के बावजूद गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप एक-दूसरे के साथ बदतमीजी करते रहे। इसके बाद सहवाग ने शो पूरा किया। अब ‘राइज एंड फॉल 2’ में प्रतिभागियों के बीच जारी मुकाबले के बीच यह देखना बाकी है कि आखिर इस सीजन का खिताब कौन अपने नाम करता है।