रश्मिका मंदाना ने महिला सशक्तिकरण को बताया देश की तरक्की का आधार, साझा किए विचार
| रश्मिका मंदाना ने पुट्टपर्थी के प्रशांति निलयम में भगवान श्री सत्य साईं बाबा की 101वीं जयंती पर महिला दिवस समारोह को संबोधित किया। जानिए महिला सशक्तिकरण, महिलाओं की चुनौतियों और देश के विकास में उनकी भूमिका पर उन्होंने क्या कहा।
माइक्रोफोन के सामने बोलती रश्मिका मंदाना पुट्टपर्थी में महिला सशक्तिकरण विषय पर संबोधित करती दिख रही हैं।
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने महिला सशक्तिकरण को देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि महिलाओं को समान अवसर देना और उन्हें अपनी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने का मौका देना राष्ट्रीय प्रगति के लिए जरूरी है। उन्होंने महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों, उनके सपनों और विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती भागीदारी पर अपने विचार साझा किए।
रश्मिका मंदाना ने पुट्टपर्थी के प्रशांति निलयम स्थित साई कुलवंत हॉल में भगवान श्री सत्य साईं बाबा की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महिला दिवस समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण के महत्व और देश के निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर बात की।
अभिनेत्री ने कहा कि आज महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। महिलाओं को सशक्त बनाना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश की तरक्की के लिए भी आवश्यक है।
महिलाओं के सपनों और उन्हें पूरा करने के दौरान आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए रश्मिका ने कहा, "मैं उस पीढ़ी की महिलाओं में से हूं, जिन्हें बड़े सपने देखने के लिए कहा जाता है, बहुत बड़े सपने देखने के लिए। लेकिन साथ ही हमें अपने सपनों को समझाना पड़ता है, अपने फैसलों को सही साबित करना पड़ता है और बार-बार यह साबित करना पड़ता है कि हम जिस मौके के हकदार हैं, वह हमें मिलना चाहिए।"
अपने व्यक्तिगत अनुभवों और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ते रहने के महत्व पर उन्होंने कहा, "मैं जानती हूं कि अपनी लड़ाइयां खुद लड़ने का क्या मतलब होता है, लोगों के फैसलों और आलोचनाओं का सामना करना कैसा होता है। और जब आगे का रास्ता साफ न हो, तब भी आगे बढ़ते रहने का क्या मतलब होता है।"
रश्मिका ने नेतृत्व और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों में भारतीय महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं उन पारंपरिक बाधाओं को पीछे छोड़ रही हैं, जिन्हें कभी उनके आगे बढ़ने में रुकावट माना जाता था। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसर और रास्ते बन रहे हैं।
उन्होंने कहा, "आज भारतीय महिलाएं हर जगह उन क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं, जिन्हें कभी उनके लिए मुश्किल या नामुमकिन माना जाता था। हम महिलाओं को बिजनेस का नेतृत्व करते हुए, सेना में सेवा करते हुए, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में काम करते हुए, राजनीति और प्रशासन में हिस्सा लेते हुए, उद्यमी, खिलाड़ी, अभिनेत्री, कलाकार और फैसले लेने वाली बनते हुए देख रहे हैं।"
महिलाओं की प्रगति को देश के समग्र विकास से जोड़ते हुए अभिनेत्री ने कहा, "इसलिए महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक अलग सामाजिक उद्देश्य नहीं है, बल्कि देश के विकास का एक जरूरी हिस्सा है।"
इस दौरान उन्होंने भगवान श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षाओं और समाज को बेहतर बनाने में महिलाओं की दैनिक भूमिका का भी उल्लेख किया। स्वामी के विचारों को साझा करते हुए रश्मिका ने कहा, "जो महिला एक बच्चे को शिक्षित करती है, वह देश के भविष्य में योगदान देती है।
जो महिला ईमानदारी और अनुशासन को बढ़ावा देती है, वह अच्छे नागरिक बनाने में मदद करती है। जो महिला गरीबों की सेवा करती है, वह समाज में सद्भाव लाती है। जो महिला ईमानदारी के साथ नेतृत्व करती है, वह अच्छे शासन में योगदान देती है। और जो महिला शांति को बढ़ावा देती है, वह देश की एकता को मजबूत करती है।"
अपने संबोधन में रश्मिका मंदाना ने महिला सशक्तिकरण को केवल अवसर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं माना, बल्कि परिवार, समाज और देश के निर्माण में महिलाओं के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने ऐसे समाज की आवश्यकता पर जोर दिया, जहां महिलाएं बिना किसी डर के अपने सपने देख सकें, अपने फैसले खुद ले सकें और बार-बार अपनी काबिलियत साबित किए बिना आगे बढ़ सकें।