कॉरपोरेट नौकरी छोड़ एक्टिंग में आए गौरव खन्ना, बोले- काश पहले शुरू किया होता अभिनय
| गौरव खन्ना ने मोटे पैकेज वाली कॉरपोरेट नौकरी छोड़कर एक्टिंग में आने के फैसले और अपने पहले ऑडिशन का किस्सा साझा किया। फराह खान के सामने उन्होंने करियर से जुड़ा अपना अधूरा 'काश' भी बताया।
अभिनेता गौरव खन्ना और अभिनेत्री श्रद्धा आर्या मुंबई में शो लॉन्च कार्यक्रम के दौरान नजर आ रहे हैं।
अच्छी तनख्वाह और मोटे पैकेज वाली कॉरपोरेट नौकरी छोड़कर अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले गौरव खन्ना ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि उनके अंदर एक कलाकार भी है। उनका मानना है कि अगर वह अभिनय की दुनिया में थोड़ा पहले आ गए होते, तो अपने करियर में और अधिक काम कर पाते और ज्यादा लोगों से मिल पाते।
एकता कपूर के नए शो 'दिल की बेवफाइयाँ' में गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या मानव और जानकी की भूमिकाएं निभा रहे हैं। शो की कहानी शादी के 20 साल बाद पति-पत्नी के जीवन और उनकी अलग-अलग सोच के इर्द-गिर्द घूमती है। जानकी साथ बिताए छोटे-छोटे पलों में खुशी तलाशती है, जबकि मानव उन इच्छाओं के बारे में सोचता है, जिन्हें उसने वर्षों से पूरा करने के लिए टाल रखा है।
स्टार प्लस के इस शो के लॉन्च के दौरान फराह खान ने दोनों कलाकारों से 'काश या काफी' विषय पर बातचीत की। इस दौरान जब फराह ने गौरव खन्ना से उनकी जिंदगी के उस फैसले के बारे में पूछा, जिसे लेकर उनके मन में 'काश' का भाव है, तो उन्होंने मुंबई में बिताए अपने शुरुआती दिनों का जिक्र किया। गौरव एमबीए करने मुंबई आए थे और इसके बाद उन्होंने अच्छी तनख्वाह वाली कॉरपोरेट नौकरी की।
अपनी पुरानी नौकरी और अभिनय में आने के फैसले को याद करते हुए गौरव ने कहा, “मेरी कॉरपोरेट नौकरी अच्छी-खासी थी और पैकेज भी बढ़िया था। मुझे ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था कि मेरे अंदर एक कलाकार है या मैं एक्टिंग सीख सकता हूँ। काश मैं इस इंडस्ट्री में थोड़ा पहले आ गया होता। मैं अपने दोस्तों से अक्सर कहता हूँ कि तब शायद मैं और काम कर पाता, और लोगों से मिल पाता।”
गौरव को अभिनय के लिए पहला ऑडिशन देने का मौका भी संयोग से मिला था। दरअसल, वह अपने एक दोस्त को ऑडिशन दिलाने के लिए आराम नगर लेकर गए थे। दोस्त के ऑडिशन के दौरान गौरव बाहर बाइक पर बैठकर उसका इंतजार कर रहे थे। इसी बीच किसी ने उन्हें भी अंदर आकर ऑडिशन देने के लिए कहा। जब कास्टिंग टीम ने उनसे प्रोफाइल मांगी, तो गौरव को लगा कि उनसे उनका सीवी मांगा जा रहा है।
गौरव की यह कहानी सुनने के बाद फराह खान ने अपने खास अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “तू देर से आया है, तो देर तक टिकेगा भी।”
बातचीत के दौरान गौरव ने मुश्किल परिस्थितियों में आगे बढ़ते रहने को लेकर अपना नजरिया भी साझा किया। उन्होंने कहा, “रास्ते में कई रुकावटें आ सकती हैं, दिक्कतें हो सकती हैं, स्पीड ब्रेकर भी मिल सकते हैं। बस आगे बढ़ते रहना चाहिए।”
गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या अभिनीत 'दिल की बेवफाइयाँ' का प्रसारण 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।