रामायणम्: यश के बेटे ने पर्दे पर पिता को रावण बने देखा तो रो पड़ा
फिल्म रामायणम् में यश को रावण के किरदार में देखकर उनका बेटा भावुक हो गया और उसने पिता से कई मासूम सवाल पूछे।
नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म रामायणम् इस दिवाली 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस दिवाली रिलीज होने जा रही फिल्म रामायणम् को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इसी बीच फिल्म के मुख्य कलाकार रणबीर कपूर और रॉकिंग स्टार यश ने अपने बच्चों के उन दिलचस्प और भावुक अनुभवों को साझा किया है, जिन्होंने फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर उनके मन में कई सवाल खड़े कर दिए। खास तौर पर यश के बेटे को पर्दे पर अपने पिता को रावण की भूमिका में देखकर ऐसा झटका लगा कि वह नाराज हो गया और रोने लगा।
नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायणम् साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। फिल्म के पोस्टर्स, टीजर और ट्रेलर जारी होने के साथ ही इसके प्रति दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ा है। फिल्म का भव्य पैमाना, कलाकारों की मौजूदगी और शानदार विजुअल्स इसे खास बनाते हैं, लेकिन इसकी सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इससे जुड़ी भावनात्मक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी है।
फिल्म की शुरुआत से ही इसकी टीम ने इसे केवल एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक महत्व से जुड़ी जिम्मेदारी के रूप में लिया है। जहां फिल्म इंडस्ट्री में प्रचार अभियान सामान्य तौर पर मार्केटिंग शेड्यूल के अनुसार संचालित होते हैं, वहीं रामायणम् के निर्माताओं ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व को केंद्र में रखकर अलग राह अपनाई है।
इस महागाथा को पर्दे पर जीवंत करना कलाकारों के लिए भी भावनात्मक अनुभव रहा है। रणबीर कपूर और रॉकिंग स्टार यश ने इस कहानी को अपने बच्चों की मासूम नजरों से भी महसूस किया। रणबीर कपूर ने बताया कि उनकी बेटी राहा इस सफर से शुरुआत से ही जुड़ी रही हैं। उनके अनुसार, राहा के लिए यह अनुभव बेहद खास होने वाला है, क्योंकि यह पहली कहानी होगी जिसे वह पर्दे पर देखेंगी।
राहा फिल्म के सेट पर भी पहुंची हैं और उन्होंने रणबीर के सह-कलाकारों साईं पल्लवी तथा रॉकिंग स्टार यश से मुलाकात भी की है। इस तरह वह उस दुनिया से परिचित हुई हैं, जिसे फिल्म की टीम पर्दे पर रच रही है। रणबीर की जिंदगी में यह किरदार ऐसे समय आया है, जब वह खुद पिता बन चुके हैं। उनका मानना है कि पिता बनने के बाद बेहतर इंसान बनने और अपनी बेटी को भी अच्छे संस्कार देने की इच्छा उनके भीतर और गहरी हुई है।
दूसरी ओर, रॉकिंग स्टार यश ने अपने बच्चों की प्रतिक्रियाओं से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और भावुक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि बच्चों के सवालों का सामना करना उनके लिए काफी हैरान करने वाला रहा। जब उनकी बेटी से पूछा गया कि उसे फिल्म पसंद आई या नहीं, तो उसने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए थम्स अप दिया। हालांकि, उनके बेटे के मन में कई सवाल थे। वह इस बात को लेकर उलझन में था कि पर्दे पर क्या सही है और क्या गलत।
यश ने बताया कि वह अपने बेटे को भगवान राम के आदर्शों और संस्कारों को अपनाने की सीख देते हैं। ऐसे में जब बेटे ने उन्हें फिल्म में रावण की भूमिका निभाते देखा तो वह नाराज हो गया। उसने अपने पिता से सवाल किया, “आप रावण का किरदार क्यों निभा रहे हैं? आप बुरे इंसान क्यों बने हैं?”
यश ने बताया कि फिल्म के उस दृश्य के दौरान भी उनका बेटा काफी परेशान हो गया, जिसमें उनका किरदार जटायु से लड़ता है। दृश्य देखते हुए वह पिता के पास बैठकर चिल्लाने लगा, “रुक जाइए! आप ऐसा क्यों कर रहे हैं?” पर्दे पर अपने पिता को जटायु पर हमला करते देखना उसे बिल्कुल पसंद नहीं आया और वह रोने लगा।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह दो भागों वाली फिल्म नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर निर्मित की है। फिल्म दुनियाभर में आईमैक्स में रिलीज होगी। इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म के किरदारों को लेकर रणबीर कपूर और यश के बच्चों की प्रतिक्रियाओं ने इस महागाथा के भावनात्मक पक्ष को भी सामने रखा है। खास तौर पर रावण की भूमिका में अपने पिता को देखकर यश के बेटे की नाराजगी और मासूम सवाल इस बात को दर्शाते हैं कि फिल्म की कहानी बच्चों के मन पर भी गहरा प्रभाव छोड़ रही है।