फिल्म ‘दादा’ के विवादित पोस्टर में अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली के अंदाज में नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी।

राजकुमार राव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ़ उज्ज्वल निकम’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी बीच उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर बन रही फिल्म ‘दादा’ के पोस्टर को लेकर हुई आलोचना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पोस्टर की आलोचना को जल्दबाजी का नतीजा बताते हुए कहा कि इसे बनाने वालों को अपनी गलती समझ आ गई है और उन्होंने इससे सबक सीख लिया है।

राजकुमार राव की फिल्म ‘दादा’ का पोस्टर सौरव गांगुली के 54वें जन्मदिन पर 8 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर आलोचना शुरू हो गई। कई प्रशंसकों ने पोस्टर में दिखाए गए दृश्य पर आपत्ति जताई और कहा कि एक प्रतिष्ठित पल को इस तरह दोबारा पेश करना उचित नहीं है।

दरअसल, पोस्टर में 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में शर्ट उतारकर तिरंगा लहराते सौरव गांगुली के ऐतिहासिक पल को फिर से दिखाने की कोशिश की गई थी। पोस्टर में राजकुमार राव भी शर्टलेस नजर आए थे। उन्होंने नीले रंग की पैंट पहन रखी थी और हाथ में तिरंगा लहराते दिखाई दिए थे। हालांकि, इस पोस्टर को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाए और इसे एआई से तैयार किया गया बताया। राजकुमार राव के लुक को लेकर भी उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

अब राजकुमार राव ने इस पूरे विवाद पर अपनी बात रखी है। जब उनसे ‘दादा’ के पोस्टर की आलोचना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “पोस्टर बनाने वालों को अपनी गलती समझ आ गई है। उन्होंने सबक सीख लिया है। वे समझ गए हैं कि उन्हें समय लेना चाहिए और जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए, कोई जल्दी नहीं है।”

राजकुमार राव ने मैशेबल इंडिया के साथ बातचीत में फिल्म की शूटिंग और सौरव गांगुली के साथ अपने संबंधों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि वह कई बार गांगुली से मिल चुके हैं और उनके कोलकाता स्थित ईडन गार्डन्स वाले घर पर फिल्म की शूटिंग भी कर चुके हैं। राजकुमार ने कहा कि वे कुछ समय तक कोलकाता में रहे और इस दौरान उन्होंने सौरव गांगुली के साथ काफी वक्त बिताया।

सौरव गांगुली के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए राजकुमार राव ने कहा, “मैं कई बार सौरव गांगुली से मिला हूं, यहां तक कि उनके एडेन गार्डन वाले घर पर शूट भी किया है। हम कुछ समय के लिए कोलकाता में थे। मैंने दादा के साथ बहुत वक्त बिताया है। हमने ऐसी बातें भी की हैं, जो मैं नहीं बता सकता। वो जरूरी था क्योंकि किसी इंसान को समझने के लिए उसकी पर्सनल लाइफ के बारे में पता होना चाहिए। उन्होंने अपनी पूरी लाइफ मेरे सामने खोलकर रख दी। हम सब उनसे बहुत प्यार करते हैं, वो एक बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। इंडियन क्रिकेट टीम आज जो भी है, उसकी नींव उन्होंने ही रखी थी।”

विक्रमदित्य मोटवाने के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘दादा’ की रिलीज डेट 14 मई 2027 तय की गई है। फिल्म के पोस्टर को लेकर हुई आलोचना और राजकुमार राव की प्रतिक्रिया ने इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। अब फिल्म की शूटिंग और सौरव गांगुली के जीवन को पर्दे पर पेश करने के तरीके पर दर्शकों की नजर रहेगी।

Tags: