तस्वीर में दिख रहे 'चार यार' सीरीज पोस्टर में कार सवार चार युवा पोज दे रहे हैं।

प्राइम वीडियो की आगामी हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘चार यार’ में चार दोस्तों की जिंदगी उस समय खतरनाक मोड़ लेगी, जब मुश्किल हालात में लिया गया एक फैसला उन्हें अपराध, गैंगस्टर और पुलिस के पीछा करने जैसी परिस्थितियों में पहुंचा देगा। आठ एपिसोड वाली यह सीरीज 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर में प्रीमियर के लिए तैयार है। इसमें दोस्ती, सपनों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और क्राइम के बीच उलझती जिंदगी के साथ कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे।

भारत की सबसे बड़ी स्ट्रीमिंग सर्विस प्राइम वीडियो, जो अपने एक्सक्लूसिव ओरिजिनल्स के लिए जानी जाती है, ने अपनी आगामी हिंदी प्राइम ओरिजिनल सीरीज ‘चार यार’ के वैश्विक स्ट्रीमिंग प्रीमियर की घोषणा की है। सीरीज में पूरव झा, नमन जैन, साकिब अय्यूब और प्रयाक मेहता मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके साथ साईं तम्हंकर, सिकंदर खेर, दिब्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

विनय वाइकुल ने सीरीज का निर्देशन किया है, जबकि संबित मिश्रा और सौरभ सावंत ने इसकी कहानी लिखी है। श्याम, पिंक विंडो प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले और बीबीसी स्टूडियोज इंडिया द्वारा विकसित इस सीरीज का निर्माण प्रणति नागरशेठ, नीरज नागरशेठ और पी.एस. ने किया है। सीरीज के क्रिएटर विनय वाइकुल, एस. हुसैन जैदी, संबित मिश्रा और सौरभ सावंत हैं।

सीरीज की कहानी 2000 के शुरुआती वर्षों में मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें जय, टोनी, साहिल और समीर नाम के चार दोस्तों की जिंदगी दिखाई गई है, जो मध्यवर्गीय जीवन की वास्तविकताओं, परिवार की जिम्मेदारियों और बेहतर भविष्य के सपनों के बीच अपनी राह तलाशते हैं। जिंदगी के उतार-चढ़ाव के दौरान चारों दोस्त एक-दूसरे का साथ देते हैं और हर मुश्किल का मिलकर सामना करते हैं। यही साथ उनकी दोस्ती की मजबूत नींव बनता है।

हालांकि, मुश्किल परिस्थितियों में लिया गया एक बड़ा फैसला उनकी जिंदगी बदल देता है। इसके बाद चारों दोस्त अपराध, गैंगस्टरों और पुलिस के पीछा करने जैसी परिस्थितियों में फंस जाते हैं। हालात बदलने की कोशिश में शुरू हुआ उनका सफर जल्द ही जोखिम भरा हो जाता है। इस दौरान दोस्ती ही उनका सबसे बड़ा सहारा बनती है, लेकिन उनका हर अगला फैसला उन्हें खतरे के और करीब ले जाता है।

प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया में ओरिजिनल्स (SVOD) के डायरेक्टर और हेड निखिल माधोक ने कहा, “‘चार यार’ में दोस्ती, अपने सपनों को पूरा करने की चाह, हंसी-मजाक और ऐसे ट्विस्ट देखने को मिलेंगे, जिनकी उम्मीद नहीं होती। ये सभी चीजें मिलकर इसे एक बेहद एंटरटेनिंग कहानी बनाती हैं। हम हमेशा से नए टैलेंट को मौका देने में आगे रहे हैं और फिल्म के युवा लीड एक्टर्स की शानदार परफॉर्मेंस देखना अपने आप में एक ट्रीट है। विनय वाइकुल के डायरेक्शन और उनके काम करने के अंदाज ने इस कहानी की दुनिया में एक अलग ही रंग भर दिया है। हम बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि 23 अक्टूबर को प्रीमियर होने पर दुनियाभर के दर्शक इस कहानी को देखें।”

‘चार यार’ का प्रीमियर 23 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर विशेष रूप से हिंदी में होगा। यह सीरीज भारत सहित दुनिया के कुल 240 देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। आठ एपिसोड में फैली यह कहानी चार दोस्तों के रिश्तों, उनके सपनों और एक फैसले के बाद बदलती जिंदगी के जरिए दोस्ती और अपराध के टकराव को सामने लाएगी।