पंचायत सीजन 5 रिलीज डेट, फुलेरा की राजनीति और नए समीकरण
| प्राइम वीडियो पर 3 दिसंबर को आ रही सीरीज में बनराकस नए प्रधानपति होंगे, जिससे गांव में राजनीतिक खींचतान बढ़ेगी।
प्राइम वीडियो की वेब सीरीज पंचायत सीजन 5 का 3 दिसंबर को प्रीमियर होगा, जिसमें बनराकस नए प्रधानपति बनेंगे।
फुलेरा की राजनीति में एक बार फिर नए समीकरण बनने जा रहे हैं। लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन का आधिकारिक ऐलान हो गया है। दर्शकों को एक बार फिर सचिव जी और फुलेरा के परिचित किरदारों की दुनिया देखने को मिलेगी। TVF की इस लोकप्रिय सीरीज का प्रीमियर 3 दिसंबर, 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। नए सीजन में गांव की सत्ता में बदलाव के साथ राजनीतिक खींचतान, नई प्रतिद्वंद्विता और बदलते रिश्तों की कहानी आगे बढ़ेगी।
द वायरल फीवर (TVF) द्वारा निर्मित 'पंचायत सीजन 5' का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। सीरीज की रचना दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने की है। नए सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक सहित पूरी कलाकारों की टोली अपने लोकप्रिय किरदारों में नजर आएगी।
सीजन 5 का प्रीमियर विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा। इसे भारत सहित दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में देखा जा सकेगा। इस बार भी कहानी में फुलेरा गांव की आपसी उठापटक, हल्के-फुल्के हास्य, भावुक पलों और स्थानीय राजनीति का मेल देखने को मिलेगा।
फुलेरा में नए मुखिया के साथ बदलेगा राजनीतिक समीकरण
नए सीजन में कहानी का केंद्र फुलेरा की बदली हुई सत्ता व्यवस्था होगी। गांव को नया मुखिया मिल चुका है और अब बनराकस नए प्रधानपति की भूमिका में नजर आएंगे। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल उनकी योजनाओं और कार्यशैली को लेकर है। क्या बनराकस अपने वादों के मुताबिक फुलेरा की तस्वीर बदल पाएंगे या उनकी घोषणाएं केवल दिखावा बनकर रह जाएंगी? सत्ता परिवर्तन के साथ गांव में नई प्रतिद्वंद्विता और राजनीतिक समीकरणों में बदलाव भी कहानी का हिस्सा होंगे। नए सीजन में ड्रामा, राजनीतिक खींचतान और उथल-पुथल का नया दौर देखने को मिलेगा।
प्राइम वीडियो ने बताया पंचायत की लोकप्रियता का सफर
प्राइम वीडियो इंडिया में SVOD कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर और हेड मनीष मेंघानी ने कहा, “कुछ कहानियां समय के साथ हमारी जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं और इसी वजह से खास बन जाती हैं। पंचायत भी ऐसी ही एक कहानी है। पिछले चार सीजन में फुलेरा और वहां रहने वाले लोगों ने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना ली है। इस कहानी ने दर्शकों को हंसाया है, अपनापन महसूस कराया है और ऐसे कई पल दिए हैं, जो उन्हें अपनी जिंदगी से जुड़े लगते हैं।
भारत की सबसे सफल और लोकप्रिय सीरीज में से एक के रूप में इसका पांचवें सीजन के साथ लौटना हमारे लिए बेहद गर्व की बात है। यह उपलब्धि इस सीरीज के शानदार सफर और दर्शकों के बीच इसकी लगातार बनी लोकप्रियता को दर्शाती है। इस प्यारी दुनिया को पर्दे पर जीवंत बनाने में TVF के साथ हमारा लंबे समय से चला आ रहा जुड़ाव बेहद अहम रहा है और हमें इस सफर को साथ आगे बढ़ाने की बेहद खुशी है। फुलेरा की इस नई कहानी के साथ हम दर्शकों को एक बार फिर उन सभी चहेते किरदारों से मिलाने के लिए उत्साहित हैं, जिन्होंने फुलेरा को इतना यादगार बनाया है।”
TVF ने पांचवें सीजन को लेकर जताई उत्सुकता
द वायरल फीवर (TVF) के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा, “पिछले कुछ सालों में पंचायत हमारे लिए सिर्फ एक सीरीज तक सीमित नहीं रह गई है। फुलेरा और वहां के लोगों को दर्शकों से जो प्यार मिला है, वह बेहद शानदार रहा है। इसने हमारे इस विश्वास को और मजबूत किया है कि सादगी से कही गई कहानियां, जिनमें सच्चाई और भावनाएं हों, लोगों के दिलों पर सबसे गहरा असर छोड़ सकती हैं।
इस सफर की असली पहचान यहां के कई किरदार, उनके रिश्ते और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े वे छोटे-छोटे पल हैं, जिन्होंने फुलेरा को दर्शकों के लिए इतना खास बनाया है। सीजन 5 के साथ हम इन सभी चहेते किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं। गांव में आने वाली नई चुनौतियां, बदलते रिश्ते और अप्रत्याशित मोड़ कहानी में नए रंग भरेंगे।
पंचायत OTT पर पांचवें सीजन तक पहुंचने वाले भारत के केवल दो शो में से एक है। यह उपलब्धि प्राइम वीडियो के लगातार सहयोग के बिना संभव नहीं होती। हम इस साझेदारी और इस सफर को इतना खास बनाने में उनकी अहम भूमिका के लिए तहे दिल से आभारी हैं।”
3 दिसंबर, 2026 को प्रीमियर के साथ 'पंचायत' का पांचवां सीजन फुलेरा की कहानी को आगे बढ़ाएगा। पुराने किरदारों की वापसी के साथ इस बार गांव की बदली हुई सत्ता व्यवस्था और नए प्रधानपति बनराकस की भूमिका कहानी के प्रमुख पहलुओं में शामिल रहेगी।