तस्वीर में 'मिर्जापुर: द मूवी' का नया काउंटडाउन पोस्टर दिखाई दे रहा है, जिसमें कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया समेत फिल्म के मुख्य किरदार नजर आ रहे हैं.

‘मिर्जापुर: द मूवी’ की बड़े पर्दे पर रिलीज का काउंटडाउन शुरू हो गया है। अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म की रिलीज से 10 दिन पहले नया पोस्टर जारी किया है। गुरमीत सिंह के निर्देशन और पुनीत कृष्णा के लेखन में बनी यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर में बड़े स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

जिस क्राइम फ्रेंचाइजी ने 2018 में पहली बार दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई थी, वह अब स्ट्रीमिंग स्क्रीन से निकलकर बड़े पर्दे पर पहुंचने जा रही है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।

बड़े पर्दे के भव्य पैमाने को ध्यान में रखकर तैयार की गई इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान नजर आएंगे। कहानी में दिलचस्प ट्विस्ट के साथ फैंस के पसंदीदा किरदार भी लौट रहे हैं। इनमें दिव्येंदु के मुन्ना भैया, कुलभूषण खरबंदा के सत्यानंद त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर की स्वीटी गुप्ता शामिल हैं।

फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ 10 दिन बाकी रहने के मौके पर एक्सेल एंटरटेनमेंट ने नया काउंटडाउन पोस्टर शेयर किया है। पोस्टर में पंकज त्रिपाठी के कलीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित, दिव्येंदु के मुन्ना भैया और जितेंद्र कुमार समेत कई अहम किरदारों की वापसी दिखाई गई है। पोस्टर फिल्म में हाई-स्टेक्स एक्शन और ड्रामा से भरपूर बड़े सिनेमाई अनुभव की झलक देता है।

एक्सेल एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “भौकाल का नया ठिकाना: थिएटर। बड़े पर्दे पर ‘मिर्ज़ापुर द मूवी’ आने में बस 10 दिन बाकी! #MirzapurTheMovie, 4 सितंबर को सिर्फ़ हिंदी और तेलुगु में थिएटर में रिलीज़ हो रही है।”

ओटीटी पर कई सीजन के जरिए करोड़ों दर्शकों का दिल जीतने के बाद ‘मिर्जापुर: द मूवी’ फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़ा पड़ाव है। अब इसकी कहानी स्ट्रीमिंग स्क्रीन से निकलकर सिनेमाघरों के बड़े पर्दे तक पहुंचने जा रही है। 10 दिनों का काउंटडाउन शुरू होने के साथ फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया है और दर्शक बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ का आइकॉनिक भौकाल देखने का इंतजार कर रहे हैं।