फिल्म लम्बोधरा 2.0 के ऐलान के दौरान सिंपल सुनी, अनिल शेट्टी, कुणाल कपूर और निर्माता।   

कन्नड़ सिनेमा की साइंस-फिक्शन सोशल थ्रिलर ‘लम्बोधरा 2.0’ को अब महावीर जैन फिल्म्स का साथ मिल गया है। निर्देशक सिंपल सुनी की यह फिल्म 20 नवंबर, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में कन्नड़ और हिंदी भाषाओं में रिलीज होगी। फिल्म में असली ह्यूमनॉइड रोबोट जिया एक अहम किरदार निभाती नजर आएगी। वहीं, अनिल शेट्टी बतौर मुख्य अभिनेता इस फिल्म से डेब्यू कर रहे हैं और कुणाल कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तकनीक और इंसान की खुशी के बीच बदलते रिश्तों को केंद्र में रखती है।

बॉलीवुड निर्माता महावीर जैन ने अपने बैनर महावीर जैन फिल्म्स के तहत इस फिल्म को आधिकारिक तौर पर प्रस्तुत करने का फैसला किया है। सिंपल सुनी और महावीर जैन के बीच साझेदारी उस समय तय हुई, जब निर्देशक ने फिल्म की परिकल्पना, इसके व्यापक स्तर और निर्माण से जुड़ी जानकारी साझा की। फिल्म की नई विषयवस्तु और बड़े पर्दे पर वास्तविक ह्यूमनॉइड रोबोट के इस्तेमाल के विचार से प्रभावित होकर महावीर जैन ने इसे देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए समर्थन दिया और हिंदी में भी रिलीज करने के लिए प्रोत्साहित किया।

फिल्म के निर्देशक सिंपल सुनी ने इस साझेदारी पर कहा, “हमने एक हाई-कॉन्सेप्ट साइंस-फिक्शन फिल्म बनाई है, जिसमें खुशी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंसानी जिंदगी पर टेक्नोलॉजी के असर को दिखाया गया है। फिल्म की सबसे खास बातों में से एक है जिया, जो एक असली ह्यूमनॉइड रोबोट है और फिल्म में एक किरदार निभा रही है। हमारा मानना है कि भारतीय सिनेमा में इस तरह का प्रयास पहली बार किया गया है। महावीर जी इस कॉन्सेप्ट से काफी प्रभावित हुए और उन्होंने हमें फिल्म हिंदी में भी रिलीज करने के लिए प्रोत्साहित किया। हमें खुशी है कि महावीर जैन फिल्म्स हमारी फिल्म को प्रस्तुत कर रहा है।”

फिल्म के निर्माता महावीर जैन ने भी इसकी कहानी और विषयवस्तु को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा, “मैं ‘लम्बोधरा 2.0’ और खुशी व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर इसके अलग तरह के खास अंदाज से बेहद इंप्रेस्ड हूं। यह देखकर अच्छा लगता है कि कन्नड़ सिनेमा इतने बड़े और अलग इडिया के साथ एक्सपेरिमेंट कर रहा है। यह फिल्म एक अहम सवाल उठाती है कि क्या टेक्नोलॉजी की वजह से हम ज्यादा खुश हो रहे हैं या फिर अपनी खुशी पर से हमारा कंट्रोल खोते जा रहे हैं? मेरा मानना है कि यह फिल्म पूरे भारत के दर्शकों तक पहुंचनी चाहिए और हमें इसे प्रस्तुत करते हुए खुशी हो रही है।”

‘लम्बोधरा 2.0’ की कहानी तकनीक से संचालित एक ‘हैप्पीनेस चैलेंज’ के इर्द-गिर्द घूमती है। इस चुनौती में प्रतिभागियों को बड़े इनाम का वादा किया जाता है, लेकिन इसके पीछे एक ऐसी व्यवस्था काम करती है, जो चुपचाप इंसानी भावनाओं और गतिविधियों पर नजर रखती है और उन्हें प्रभावित करती है। फिल्म स्पेंस, हास्य और भावनात्मक पहलुओं के जरिए सोशल मीडिया पर मिलने वाली मान्यता, डिजिटल लत, एआई के बढ़ते हस्तक्षेप और अपनी सोच पर इंसान के नियंत्रण जैसे मुद्दों को सामने लाती है।

फिल्म में जिया नाम का ह्यूमनॉइड रोबोट नजर आएगा, जिसे बेंगलुरु की कंपनी मचानी रोबोटिक्स ने तैयार किया है। यह एक उन्नत ह्यूमनॉइड रोबोट है, जो फिल्म में केवल तकनीकी प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि कहानी के एक महत्वपूर्ण किरदार के रूप में दिखाई देगा। फिल्म के लेखक और निर्माता अनिल शेट्टी इसमें मुख्य भूमिका भी निभा रहे हैं। यह बतौर मुख्य अभिनेता उनकी पहली फिल्म है।

फिल्म में अनिल शेट्टी और कुणाल कपूर के साथ साची बिंद्रा, मेघना गांवकर और मैक डिसूजा भी नजर आएंगे। इसकी सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी संतोष राय पथाजे ने संभाली है, जबकि वीर समर्थ ने संगीत तैयार किया है। फिल्म का निर्माण MASS प्रोडक्केशन के बैनर तले किया गया है और इसे महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत कर रही है।

निर्देशक सिंपल सुनी ने फिल्म की टीम के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “लम्बोधरा 2.0. खुशियाँ लोड हो रही हैं...” उनकी इस पोस्ट के साथ फिल्म की रिलीज को लेकर उत्सुकता भी सामने आई है।

महावीर जैन फिल्म्स इससे पहले ‘ऊंचाई’, ‘राम सेतु’, ‘गुड लक जेरी’ और ‘बिन्नी एंड फैमिली’ जैसी फिल्मों से जुड़ी रही है। बैनर के आगामी हिंदी प्रोजेक्ट्स में सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनने वाली ‘प्रेम मोल लिया’ शामिल है, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनय करेंगे। इसके अलावा कार्तिक आर्यन की ‘नागज़िला’, विक्रांत मैसी की ‘व्हाइट’ और ‘रामबोला’ भी इसकी आगामी फिल्मों में शामिल हैं।

महावीर जैन फिल्म्स की प्रस्तुति और कन्नड़ सिनेमा की इस तकनीक-केंद्रित कहानी के साथ ‘लम्बोधरा 2.0’ एआई, डिजिटल व्यवहार और मानवीय खुशी से जुड़े सवालों को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी में है। MASS प्रोडक्केशन के बैनर तले बनी यह फिल्म 20 नवंबर, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में कन्नड़ और हिंदी में रिलीज होगी।