तस्वीर में बाएं से दाएं रैपर बादशाह, गायिका श्रेया घोषाल और संगीतकार विशाल ददलानी मंच पर नजर आ रहे हैं।

भारत के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ का 16वां सीजन इस बार एक खास बदलाव के साथ दर्शकों के बीच आने जा रहा है। ‘इंडियन आइडल 16’ का पहली बार किसी फ्री-टू-एयर (एफटीए) प्लेटफॉर्म पर प्रसारण होगा। शो का प्रीमियर 7 सितंबर से सोनी पल पर किया जाएगा।

सोनी पल देश के प्रमुख फ्री-टू-एयर (एफटीए) एंटरटेनमेंट चैनलों में शामिल है और देशभर के दर्शकों के लिए बेहतरीन प्रतिभाओं, रियलिटी शोज़ और लोकप्रिय कहानियों को प्रस्तुत करने के अपने वादे को लगातार मजबूत कर रहा है। इसी कड़ी में चैनल अपने नॉन-फिक्शन कंटेंट में ‘इंडियन आइडल सीजन 16’ को शामिल करने जा रहा है। शो का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे होगा।

‘इंडियन आइडल’ का यह लॉन्च इसलिए खास है क्योंकि शो पहली बार किसी एफटीए प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है। इसके साथ ही यह सोनी पल के प्राइम-टाइम लाइन-अप में एक महत्वपूर्ण नॉन-फिक्शन शो के रूप में शामिल होगा।

‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम पर आधारित ‘इंडियन आइडल 16’ के 82 एपिसोड में देशभर से चुने गए 18 प्रतिभाशाली गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह सीजन उन यादगार गीतों को समर्पित होगा, जिन्होंने अलग-अलग पीढ़ियों की यादों को संजोया है। शो में शानदार प्रस्तुतियों के साथ गायकों के व्यक्तिगत और प्रेरणादायक सफर को भी दिखाया जाएगा। इस तरह यह सीजन संगीत, पुरानी यादों और भावनाओं का संगम पेश करेगा।

शो के जजों के पैनल में श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह नजर आएंगे। तीनों अपने अनुभव, संगीत की समझ और अलग अंदाज के जरिए प्रतियोगियों की प्रतिभा को परखेंगे। वहीं, आदित्य नारायण एक बार फिर शो की मेजबानी करते दिखाई देंगे।

भारत की लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शामिल श्रेया घोषाल अपने दशकों के संगीत अनुभव और प्रतिभा को पहचानने की समझ के साथ जज की भूमिका निभाएंगी। मशहूर म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी गायकों की आवाज़, गायकी और मंच पर उनकी प्रस्तुति का आकलन करेंगे। वहीं, पॉप आइकन और रैपर बादशाह भी जजों के पैनल का हिस्सा होंगे। संगीत की गहरी समझ और अपने अनुभव के साथ वह प्रतियोगियों की प्रतिभा को परखेंगे और शो में अलग ऊर्जा लेकर आएंगे।

देशभर से आए प्रतिभाशाली गायकों की प्रस्तुतियों के साथ ‘इंडियन आइडल 16’ दर्शकों को संगीत, मनोरंजन और भावनाओं से भरपूर अनुभव देने का वादा करता है। प्रतियोगियों की परफॉर्मेंस जजों को प्रभावित करने के साथ-साथ दर्शकों का भी मनोरंजन करेगी। यही वजह है कि ‘इंडियन आइडल’ लंबे समय से भारतीय परिवारों के पसंदीदा रियलिटी शोज़ में शामिल रहा है।

इस बारे में सोनी पल के एक प्रवक्ता ने कहा, “इंडियन आइडल 16 का एफटीए प्रीमियर सोनी पल के साथ-साथ देशभर के दर्शकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके जरिए अब देश के ज्यादा से ज्यादा परिवार शो में मौजूद शानदार प्रतिभाओं, यादगार संगीत और भावनाओं से भरे सफर का आनंद ले सकेंगे। हमेशा से बेहतरीन प्रतिभाओं और मजबूत नॉन-फिक्शन कंटेंट को मंच देने वाला सोनी पल, इंडियन आइडल 16 को अपने प्लेटफॉर्म पर लाकर अपने इसी वादे को आगे बढ़ा रहा है। हमारा उद्देश्य देशभर के दर्शकों तक प्रीमियम और हाई क्वालिटी एंटरटेनमेंट को आसानी से पहुंचाना है।”

‘इंडियन आइडल 16’ का प्रसारण 7 सितंबर से सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सिर्फ सोनी पल पर होगा। पहली बार एफटीए प्लेटफॉर्म पर इसकी दस्तक शो की पहुंच को देशभर के ज्यादा परिवारों तक ले जाने की दिशा में अहम कदम है।