शादी के 20 साल बाद रिश्ते में सुकून या नयापन? गौरव खन्ना-श्रद्धा आर्या की नई कहानी
| गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या का नया शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ आज रात 9 बजे शुरू होगा। शादी के 20 साल बाद मानव और जानकी के रिश्ते में सुकून और अधूरी ख्वाहिशों का टकराव कहानी का केंद्र है।
अभिनेता गौरव खन्ना और अभिनेत्री श्रद्धा आर्या मंच पर नए शो दिल की बेवफाइयाँ के लॉन्च कार्यक्रम में खड़े हैं।
शादी के 20 साल बाद भी क्या किसी रिश्ते में नई शुरुआत की गुंजाइश रहती है या साथ बिताई जिंदगी का सुकून ही सबसे बड़ी खुशी है? इसी सवाल को केंद्र में रखकर अभिनेत्री श्रद्धा आर्या और अभिनेता गौरव खन्ना आज रात से नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में दर्शकों के सामने आ रहे हैं। एकता कपूर के इस शो का प्रसारण आज रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।
शो में गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पति-पत्नी मानव और जानकी की भूमिका निभा रहे हैं। शादी के 20 साल बाद दोनों अपने रिश्ते और साझा जिंदगी को अलग-अलग नजरिए से देखते हैं। जानकी अपने रिश्ते से संतुष्ट है। उसके लिए जिंदगी का गिलास 80 फीसदी भरा हुआ है और दोनों ने मिलकर जो जीवन बनाया है, उसमें उसे सुकून मिलता है। दूसरी ओर, मानव की नजर उस 20 फीसदी हिस्से पर है, जिसे वह अब भी अधूरा मानता है। उसके मन में सवाल है कि क्या उनके रिश्ते में फिर से कुछ नयापन लाया जा सकता है।
शो के लॉन्च कार्यक्रम में फराह खान ने इस उम्र के पड़ाव पर पारिवारिक जिम्मेदारियों और व्यक्तिगत इच्छाओं के बीच संतुलन बनाने की चुनौती पर बात की। उन्होंने कहा कि बच्चों की परवरिश और बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के बीच अपने लिए समय निकालना कितना मुश्किल हो सकता है। इस दौरान उन्होंने गौरव खन्ना से पूछा कि क्या उन्हें भी मानव की तरह लगता है कि जिंदगी में अभी बहुत कुछ करना बाकी है।
इस सवाल के जवाब में गौरव खन्ना ने कहा, “मानव और मुझमें एक फर्क है। मुझे अब भी लगता है कि मेरे पास करने को बहुत कुछ है। कभी सोचता हूँ कि यह किरदार अभी तक नहीं निभाया, इस निर्देशक के साथ काम नहीं किया, उस निर्माता के साथ काम नहीं किया।”
वहीं, श्रद्धा आर्या ने बताया कि जुड़वां बच्चों की मां बनने के बाद उनके लिए ‘काफी’ यानी पर्याप्त होने का अर्थ बदल गया। उन्होंने साझा किया कि उस समय केवल कॉफी पीने के लिए बाहर जाना भी आसान नहीं था और इसके लिए पहले कई इंतजाम करने पड़ते थे।
श्रद्धा ने कहा, “अब मैं उस ‘काफी’ वाले दौर में हूँ। जो रह गया, उसे जाने दो। जो मिला है, उसकी कद्र करो, उसका ज़िक्र करो और जो छूट गया, उसकी फिक्र मत करो।”
गौरव खन्ना ने शो की कहानी को ‘काश’ और ‘काफी’ के बीच के अंतर से जोड़ते हुए कहा, “हमारी पूरी कहानी ‘काश’ और ‘काफी’ के इसी फर्क पर टिकी है। मानव के सामने सवाल यही है कि वह जानकी से अपनी अधूरी ख्वाहिशों की बात कैसे करे, जब दोनों की साझा ज़िंदगी में जानकी को पहले से ही खुशी मिलती है।”
‘दिल की बेवफाइयाँ’ में मानव और जानकी के रिश्ते के जरिए शादी के दो दशक बाद बदलती अपेक्षाओं, अधूरी ख्वाहिशों और संतुष्टि के बीच के अंतर को कहानी का आधार बनाया गया है। शो में गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या की जोड़ी आज रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर नजर आएगी।