शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में पहली घंटी से पढ़ाई, वैकल्पिक व्यवस्था और निरीक्षण अनिवार्य किया है। 

लखीसराय। बिहार के सरकारी विद्यालयों में अब पढ़ाई के समय कक्षाओं का खाली रहना और शिक्षण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक अनुशासन को सख्ती से लागू करने के लिए नई व्यवस्था निर्धारित की है। इसके तहत विद्यालय की पहली घंटी से ही पढ़ाई शुरू करना अनिवार्य होगा और किसी भी कक्षा की घंटी शिक्षक के अभाव में खाली नहीं रहने दी जाएगी। यदि कोई शिक्षक अवकाश पर रहता है या अनुपस्थित होता है तो प्रधानाध्यापक को उसी दिन दूसरे शिक्षक की व्यवस्था करनी होगी।

नई व्यवस्था के तहत शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों को बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कांफ्रेंसिंग या कार्यशाला में शामिल होने के लिए भी नहीं बुलाया जा सकेगा। ऐसी सभी गतिविधियां विद्यालय संचालन की अवधि शुरू होने से पहले या समाप्त होने के बाद आयोजित करनी होंगी।

अपर मुख्य सचिव ने जारी किए दिशा-निर्देश

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने 23 नवंबर को इस संबंध में राज्य के सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करना और पठन-पाठन की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों की उपस्थिति से लेकर विद्यार्थियों के सीखने के स्तर तक की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

शिक्षक अनुपस्थित तो प्रधानाध्यापक करेंगे वैकल्पिक व्यवस्था

नई व्यवस्था में प्रधानाध्यापकों की जिम्मेदारी केवल शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें प्रतिदिन सुबह शिक्षकों की हाजिरी की समीक्षा कर यह निर्धारित करना होगा कि किस कक्षा में शिक्षक की कमी हो सकती है। इसके लिए विद्यालय में स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर रखना अनिवार्य होगा। प्रत्येक कक्षा और विषय की दैनिक समय-सारणी तैयार कर उसे विद्यालय में प्रदर्शित करना होगा।

शिक्षकों को प्रतिदिन पाठ योजना तैयार करने और शिक्षण डायरी संधारित करने का निर्देश दिया गया है। प्रधानाध्यापक नियमित रूप से इनका अवलोकन करेंगे। पढ़ाई में कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें पढ़ने, लिखने और गणित में अतिरिक्त सहायता उपलब्ध करानी होगी।

विद्यार्थियों को नियमित गृहकार्य देना, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं आयोजित करना तथा उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर जांच करना भी अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का आकलन करना होगा।

पढ़ाई के साथ खेल और आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी अनिवार्य

शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम के अलावा अन्य गतिविधियों को भी नई व्यवस्था में शामिल किया है। विद्यालय समय समाप्त होने के बाद फुटबॉल का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा कला-संस्कृति, गीत-संगीत, नाटक, भाषण और वाद-विवाद जैसी गतिविधियां भी आयोजित करनी होंगी। बालिकाओं सहित सभी विद्यार्थियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था करना भी जरूरी होगा।

विद्यालयों में शारीरिक और मानसिक दंड पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय पर वितरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों की होगी।

साप्ताहिक निरीक्षण से होगी व्यवस्था की निगरानी

नई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा। इस दौरान कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति और अनुपस्थित शिक्षकों के स्थान पर की गई वैकल्पिक व्यवस्था की जांच की जाएगी।

शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापकों को विद्यालय के शैक्षणिक अनुशासन के लिए व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह बनाया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों और शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।

सभी जिलों को एक सप्ताह के भीतर दिशा-निर्देशों के अनुपालन की पुष्टि करनी होगी। इसके बाद प्रत्येक माह प्रगति प्रतिवेदन भेजना अनिवार्य होगा। शिक्षा विभाग का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब सरकारी विद्यालयों में प्रत्येक शिक्षण घंटी का उपयोग, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की निगरानी प्रशासनिक जवाबदेही का हिस्सा होगी।