बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के समय बैठकों पर लगी रोक, शिक्षा विभाग का सख्त आदेश
| स्कूलों के निरीक्षण में मिली अनियमितताओं के बाद यह कदम उठाया गया है। अब सभी विभागीय कार्यक्रम स्कूल समय से पहले या बाद में ही आयोजित होंगे।
बिहार शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षण अवधि के दौरान बैठकों पर रोक लगा दी है।
बिहार के सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का समय अब बैठकों, प्रशिक्षण और विभागीय कामकाज की भेंट नहीं चढ़ेगा। शिक्षा व्यवस्था में शैक्षणिक अनुशासन मजबूत करने और कक्षाओं में नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब विद्यालय अवधि के दौरान शिक्षकों को किसी भी बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया जाएगा। सभी विभागीय कार्यक्रम स्कूल समय से पहले या बाद में ही आयोजित करने होंगे।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सोमवार, 23 नवंबर को सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को इस संबंध में विस्तृत पत्र जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि विभागीय अधिकारी भी शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों से किसी तरह की रिपोर्ट, आंकड़े या बैठक की मांग नहीं करेंगे। केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में लिखित कारण दर्ज करते हुए अपवाद की अनुमति होगी।
शिक्षा विभाग ने यह निर्णय सीवान, गोपालगंज, जमुई, दरभंगा और पटना सहित कई जिलों के विद्यालयों के निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं के बाद लिया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शिक्षण अवधि में बैठकें आयोजित होने और शिक्षकों की अनुपस्थिति की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
कक्षाओं में शिक्षण कार्य नियमित रखने के लिए प्रधानाध्यापकों को प्रतिदिन सुबह शिक्षकों की उपस्थिति के आधार पर यह निर्धारित करना होगा कि कौन-सी कक्षा खाली रहने की स्थिति में है। किसी शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर उसी दिन वैकल्पिक यानी स्थानापन्न शिक्षक की व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में बाकायदा स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर भी संधारित किया जाएगा।
शिक्षकों को अवकाश लेने से पहले प्रधानाध्यापक को सूचना देनी होगी। बिना सूचना या अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में कक्षावार और विषयवार दैनिक समय सारणी तैयार कर प्रदर्शित करना तथा उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित करना भी अनिवार्य किया गया है।
शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रत्येक शिक्षक को प्रतिदिन की पाठ योजना तैयार करने और शिक्षण डायरी रखने का निर्देश दिया गया है। प्रधानाध्यापक नियमित रूप से इनका अवलोकन करेंगे। कक्षावार आकलन के माध्यम से कमजोर विद्यार्थियों की पहचान की जाएगी और उन्हें पढ़ने, लिखने तथा गणित में अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रारंभिक कक्षाओं में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है। इसके साथ ही नियमित गृहकार्य, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं आयोजित करने, उत्तर-पुस्तिकाओं की समय पर जांच करने तथा परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर सुधार की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिदिन दर्ज होगी। लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानाध्यापक भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समय पर वितरण की स्वयं निगरानी करेंगे। हालांकि, इस व्यवस्था के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। विद्यालय में समय-पालन, स्वच्छता, गणवेश और परस्पर सम्मान का वातावरण विकसित करने पर भी जोर दिया गया है। बच्चों को किसी भी प्रकार का शारीरिक या मानसिक दंड देने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और अनुशासन के लिए सकारात्मक तरीके अपनाने होंगे।
हर महीने निर्धारित दिवस पर शिक्षण कार्य बाधित किए बिना अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाएगी। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी अनिवार्य बनाया गया है। स्कूल समय के बाद सप्ताह में नियमित रूप से बालक-बालिकाओं के लिए फुटबॉल अभ्यास कराया जाएगा। विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा।
निर्धारित दिनों में पढ़ाई प्रभावित किए बिना गीत-संगीत, नाटक, शिल्प, समूह गतिविधियां, भाषण और वाद-विवाद जैसे कला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से प्रत्येक सप्ताह प्रेरणादायक और शैक्षिक वीडियो दिखाए जाएंगे तथा उनके विषयों पर चर्चा की जाएगी।
शारीरिक शिक्षकों को विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं को नियमित आत्मरक्षा प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिन विद्यालयों में शारीरिक शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की सहायता ली जाएगी। उत्कृष्ट प्रतिभा दिखाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें प्रखंड और जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इन सभी गतिविधियों के दौरान सुरक्षा, समावेशिता और संबंधित रजिस्टरों के संधारण का पूरा ध्यान रखना होगा।
शिक्षा विभाग ने इन निर्देशों के अनुपालन के लिए प्रधानाध्यापकों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार बनाया है। विद्यालय के शैक्षणिक अनुशासन में लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह निर्धारित संख्या में विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा। निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से कक्षा शिक्षण, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति तथा स्थानापन्न शिक्षक व्यवस्था की जांच की जाएगी। जिलों में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन भी होगा।
सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस पत्र की प्रति प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने और एक सप्ताह के भीतर विभाग को अनुपालन की पुष्टि भेजने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद हर महीने प्रगति प्रतिवेदन भी भेजना होगा। पत्र की प्रतिलिपि सभी जिलाधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। विभाग के इन निर्देशों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षण अवधि को विभागीय बैठकों और अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के साथ नियमित पढ़ाई और शैक्षणिक अनुशासन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी तय की गई है।