डीग में नारी जागरण सम्मेलन आयोजित, महिलाओं की भूमिका, संस्कार और पंचवटी निर्माण पर दिया गया जोर

डीग के गायत्री मंदिर में नारी जागरण सम्मेलन में महिलाओं की भूमिका, शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन और पर्यावरण संरक्षण पर विचार रखे गए। 28 और 29 जुलाई के कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई।

Update: 2026-07-27 10:35 GMT

नदबई के गायत्री मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित गायत्री परिवार के सदस्य।

अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में वंदनीय माता भगवती देवी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में गायत्री मंदिर पर नारी जागरण सम्मेलन का आयोजन प्रधानाचार्या रजनी मुदगल के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता गायत्री परिवार नदबई की संतोष रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ।

मुख्य वक्ता श्रीमती संतोष ने कहा कि नारी जागरण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को समाज निर्माण की अग्रणी शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित करना, उन्हें आध्यात्मिक अधिकार दिलाना तथा उनमें छिपी हुई क्षमता को बाहर लाना है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति सृजेता और निर्मात्री है। वह अपनी संतान, अपने पति और पूरे परिवार का निर्माण करती है। उन्होंने बताया कि नारी जागरण के चार आधार शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और संस्कार हैं। माता अपने शरीर से शिशु का निर्माण करती है तथा गर्भस्थ शिशु में प्रसुप्त चेतना को जागृत एवं विकसित करने का कार्य अपने चिंतन और संस्कारों से ओत-प्रोत दुग्ध रूपी रसायन के माध्यम से करती है, जिससे बालक के चिंतन और दृष्टिकोण का भी निर्माण होता है।

प्रधानाचार्या रजनी मुद्गल ने कहा कि नारी परिवार की धुरी है और समाज निर्माण में उसका प्रमुख योगदान है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए पंचवटी का निर्माण आवश्यक बताया। प्रिय सखी संगठन की संस्थापिका मोनिका जैन ने कहा कि बच्चों को अच्छे संस्कार देने में नारी की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। रोशनी महिला मंडल की संस्थापिका मीरा ने कहा कि शिक्षित नारी ही परिवार और समाज को उन्नति के शिखर तक पहुंचाती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा सिंह ने नारी विषय पर कविता प्रस्तुत की। पूर्व प्रधानाचार्या पुष्पा उपाध्याय ने कहा कि महिलाओं को मोबाइल का उपयोग अपना ज्ञान बढ़ाने के लिए करना चाहिए, न कि उसका गलत इस्तेमाल करना चाहिए।

जिला समन्वयक बृजभूषण शर्मा ने बताया कि 28 जुलाई को गायत्री मंदिर में अखंड जप तथा 29 जुलाई को पांच कुंडलीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर दीप यज्ञ आयोजित किया गया।

इस अवसर पर भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के जिला संयोजक बृजेंद्र शर्मा, तहसील संयोजक मुकेश सिंह राजपूत, गायत्री शक्तिपीठ नदवई की टोली, कांता देवी, लक्ष्मी देवी, केदार नाथ बंसल, आशा सेठी, उर्मिला वैष्णव, सुकमा, विमलेश, सरला, शशि खंडेलवाल, अनीता, सुनील खंडेलवाल, शिवकुमार खंडेलवाल, प्रेमप्रकाश, मंजू अवस्थी, अशोक सेठी, कैलाश खंडेलवाल सहित अनेक गायत्री परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वीना मुद्गल ने किया।

Tags:    

Similar News