दिल्ली के लाहौरी गेट में 2.30 करोड़ की लूट, पिस्टल की नोक पर वारदात
चर्च मिशन चौकी क्षेत्र में कार्यालय में घुसे चार बदमाश, पिस्टल के बल पर अलमारी से नकदी लूटकर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से कार में हुए फरार।
दिल्ली के लाहौरी गेट में कार्यालय से नकदी लूटकर कार से भागते बदमाश।
दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई। चर्च मिशन पुलिस चौकी क्षेत्र में एक कार्यालय में घुसे चार बदमाशों ने कर्मचारी को पिस्टल की नोक पर धमकाकर अलमारी में रखे 2 करोड़ 30 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी नकदी बैग में भरकर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी कार से फरार हो गए।
घटना के बाद लाहौरी गेट थाने में लूट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं, जो आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस वारदात को अंजाम देने से लेकर आरोपियों के फरार होने तक के पूरे घटनाक्रम और उनके रास्ते की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ कार्यालय पहुंचे थे। वारदात के बाद आसानी से फरार होने के लिए उन्होंने पहले से एक कार की व्यवस्था कर रखी थी। उनका एक साथी कार में बैठकर इंतजार कर रहा था, ताकि लूट के बाद बाकी आरोपी वहां पहुंचें तो उन्हें लेकर भाग सके। वारदात के बाद चारों बदमाश नकदी से भरा बैग लेकर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने खड़ी कार में सवार हुए और फरार हो गए।
त्योहारी सीजन के दौरान राजधानी में हुई करोड़ों रुपये की इस लूट ने पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के भागने के रास्ते की जांच के जरिए मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।