काकंरवा के जहर बावजी देवरे में तीन प्रतिमाएं खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश

कांकरवा स्थित खोड़ाजी बावजी मईला देवरा में घटना के बाद पुलिस उपाधीक्षक और थानाधिकारी ने जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

Update: 2026-05-25 13:53 GMT

कांकरवा के खोड़ाजी बावजी मईला देवरे में तीन प्रतिमाएं खंडित होने की सूचना पर सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस उपाधीक्षक हरजीलाल यादव, थानाधिकारी घेवरचंद और स्थानीय ग्रामीण।

काकंरवा, 25 कांकरवा स्थित खोड़ाजी बावजी मईला देवरा में सोमवार सुबह तीन प्रतिमाएं खंडित अवस्था में मिलने से पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त हो गया। यह देवरा सर्प दंश तथा फोड़ा-फूंसी जैसे मामलों में ग्रामीणों के लिए वरदान माना जाता है। बताया जाता है कि यदि किसी व्यक्ति को सर्प ने डस लिया हो या जहर से फोड़ा-फूंसी हो जाए तो देवरे के भोपाजी द्वारा जहर को चूस लिया जाता है। यही कारण है कि यह स्थान ‘जहर बावजी’ के नाम से भी प्रख्यात है, ऐसे में प्रतिमाओं का खंडित होना भक्तों के लिए कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

घटना की जानकारी तब सामने आई जब देवरे के भोपाजी कैलाश चन्द्र सालवी सोमवार सुबह दीपक करने पहुंचे। उन्होंने देखा कि देवरे में स्थापित तीन प्रतिमाएं खंडित पड़ी हैं। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को दी, जिसके बाद विजय कूमार बाफना, लादूनाथ योगी सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक हरजीलाल यादव तथा थानाधिकारी घेवरचंद मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू करते हुए मामले की तहकीकात प्रारंभ कर दी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में धार्मिक आस्था और परंपराओं से जुड़े इस देवरे की प्रतिमाओं के खंडित होने को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश एवं चिंता व्याप्त है। प्रशासन द्वारा जांच आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Similar News