गंगा दशमी पर ब्राह्मणी उद्गम स्थल पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम संपन्न
गंगा दशमी के अवसर पर ब्राह्मणी सेवा मंडल द्वारा भव्य भजन संध्या, महाआरती और वैदिक पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
गंगा दशमी के पावन अवसर पर ब्राह्मणी उद्गम स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ के बीच मां ब्राह्मणी की विशेष पूजा-अर्चना करते ब्राह्मणी सेवा मंडल के सदस्य और स्थानीय श्रद्धालु।
गंगा दशमी के पावन अवसर पर ब्राह्मणी उद्गम स्थल पर ब्राह्मणी सेवा मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। आस्था और प्रेम की निर्मल धारा तथा पतित पावनी, मोक्षदायिनी मां गंगा के अवतरण दिवस के रूप में मनाई गई गंगा दशमी पर क्षेत्र में भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर श्रद्धालुओं द्वारा रात्रि जागरण एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भजनों में लीन रहे। गंगा दशमी के पावन अवसर पर प्रातःकाल चारों वेदों की आहुतियों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां ब्राह्मणी के उद्गम स्थल की विधिवत पूजा-अर्चना सम्पन्न की गई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई।
पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रभु प्रसादी का आयोजन भी किया गया। इस धार्मिक आयोजन में ब्राह्मणी सेवा मंडल के कवि अरविंद शर्मा, कमलेश उपाध्याय, कुणाल डिडवानिया, गुर्जर गौड़ समाज के नवनियुक्त अध्यक्ष गोपाल लाल डिडवानिया, भीलवाड़ा से शिव नुवाल, भाजपा नेता पारस जैन, ओंकार पंचोली एवं योगेश डिडवानिया सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद भट्ट सहित सेवा मंडल के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समूचे आयोजन के दौरान क्षेत्र में गहरी श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण व्याप्त रहा, जिसने गंगा दशमी के इस पावन पर्व को और अधिक आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व प्रदान किया।