खरडेश्वर महादेव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 3 क्विंटल खीर और 5 क्विंटल केले का प्रसाद वितरित
खरडेश्वर महादेव में सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, 3 क्विंटल खीर का प्रसाद बंटा और 16 अगस्त को शाही सवारी निकलेगी।
तस्वीर में चित्तौड़गढ़ के खरडेश्वर महादेव मंदिर परिसर और प्रवेश द्वार के बाहर सावन के मौके पर दर्शन के लिए कतार में खड़े हुए श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़। खरडेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सोम प्रदोष के अवसर पर मंदिर में विविध धार्मिक अनुष्ठान किए गए। तड़के से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर रात तक जारी रहीं। सोम प्रदोष के मौके पर खरडेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया गया। सांयकाल महा आरती के बाद 3 क्विंटल खीर, 5 क्विंटल केले और 51 किलो मावे का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
भजन संध्या में माही जोशी और विधि शर्मा ने बांधा समां
खरडेश्वर महादेव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की कड़ी में सावन के दूसरे सोमवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में भजन प्रवाहिका माही जोशी और विधि शर्मा ने महादेव के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भाव विभोर होकर थिरकते नजर आए। भजन संध्या में गायक अभिनंदन काबरा और अभिषेक मूंदड़ा ने भी भजनों की प्रस्तुति दी।
16 अगस्त को निकलेगी खरडेश्वर महादेव की शाही सवारी
खरडेश्वर महादेव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आगामी 16 अगस्त को खरडेश्वर महादेव की शाही सवारी नगर भ्रमण के लिए निकलेगी। खरडेश्वर महादेव के अभिषेक के बाद सायं 6ः30 बजे गांधी चौक से शाही सवारी निकाली जाएगी। यह सदर बाजार, गोलप्याऊ चौराहा, सुभाष चौक और राणा सांगा बाजार होते हुए पुनः खरडेश्वर महादेव पहुंचेगी। मंदिर पहुंचने पर महा आरती की जाएगी और आतिशबाजी भी की जाएगी।
शाही सवारी में ऊंट, घोड़े, 51 ढोल और स्वर लहरियां बिखेरते बैंड-बाजे साथ होंगे। मार्ग में इत्र वर्षा भी की जाएगी।
सावन के तीसरे सोमवार को खरडेश्वर महादेव में छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। छप्पन भोग की खास बात यह है कि श्रद्धालु अपने घर से व्यंजन बनाकर महादेव को भोग धरा सकेंगे। खरडेश्वर महादेव सेवा पूजा संस्थान के देवराज साहू ने बताया कि मंदिर में छप्पन भोग की पर्ची भी रखी गई है, जहां श्रद्धालु पर्ची में लिखे हुए व्यंजन का भोग लाकर धरा सकते हैं। विगत चार वर्षों से श्रद्धालु अपने घर से ही बने व्यंजन लाकर भोग लगाते हैं और वही प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है।
सावन के तीसरे सोमवार को ही सांयकाल 8 बजे इंडियन आइडल फेम गायक सवाई भाट की भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। गायक सवाई भाट की भजन संध्या के लिए मंदिर कमेटी द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।