जीतो भीलवाड़ा यूथ विंग ने आयोजित की पिकलबॉल और खेल गतिविधियां
जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की यूथ विंग द्वारा आयोजित इस फेलोशिप गतिविधि का उद्देश्य युवाओं में आपसी संवाद बढ़ाना और 15 नवंबर के दिवाली कार्निवल की तैयारी करना है।
भीलवाड़ा के स्काईलाइन पिकलबॉल में जीतो यूथ विंग द्वारा आयोजित खेल गतिविधियों के सभी प्रतिभागी।
भीलवाड़ा, 13 नवंबर। जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की यूथ विंग की ओर से युवाओं को आपसी मेलजोल और संवाद के मंच से जोड़ने के उद्देश्य से स्काईलाइन पिकलबॉल में पिकलबॉल एवं मनोरंजक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें यूथ विंग के 60 से अधिक सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पिकलबॉल के अलावा माफिया गेम, बोर्ड गेम सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विभिन्न खेल स्पर्धाओं के माध्यम से सदस्यों को एक-दूसरे से परिचित होने, मेलजोल बढ़ाने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर मिला। पिकलबॉल गतिविधियों के सफल संयोजन में कन्वीनर निकेत जैन एवं को-कन्वीनर हिमांशु जैन की विशेष भूमिका रही।
जीतो यूथ विंग के चेयरपर्सन प्रतीक बुलिया ने बताया कि युवाओं के बीच आपसी जुड़ाव और नियमित संवाद को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक गुरुवार को इस प्रकार की फेलोशिप गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से यूथ विंग के सदस्यों के बीच परस्पर जुड़ाव को और गहरा किया जाएगा।
खेल गतिविधियों के दौरान 15 नवंबर को आयोजित होने वाले भीलवाड़ा के सबसे बड़े दिवाली कॉर्निवल 'जीतो समन्वय-2026' के 'मीट एंड ग्रीट' कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के चेयरपर्सन डॉ. संपत जैन, चीफ सेक्रेटरी अकिन चौधरी तथा जीतो स्पोर्ट्स कन्वीनर ललित जैन एवं को-कन्वीनर सिद्धार्थ मारू के मार्गदर्शन में कॉर्निवल की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ। आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए टीमों का गठन कर सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के चेयरपर्सन डॉ. संपत जैन एवं चीफ सेक्रेटरी अकिन चौधरी ने यूथ विंग के कार्यों और गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि जीतो के लक्ष्यों की प्राप्ति और योजनाओं के क्रियान्वयन में युवाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यूथ विंग की प्रत्येक गतिविधि को भीलवाड़ा चैप्टर का पूरा सहयोग मिलेगा।
जीतो यूथ विंग के चीफ सेक्रेटरी अभि जैन ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नियमित गतिविधियों के माध्यम से एक मंच पर जोड़ना और आपसी समन्वय मजबूत करना है। इस तरह की गतिविधियां सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार करने के साथ उनके बीच बेहतर तालमेल विकसित करने में भी सहायक हैं। वहीं, 15 नवंबर को होने वाला जीतो समन्वय-2026 कॉर्निवल यूथ विंग की आगामी तैयारियों और सामूहिक भागीदारी का प्रमुख आयोजन रहेगा।