कॉरपोरेट गवर्नेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग और बदलते नियामकीय परिदृश्य के बीच भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (ICSI) के भीलवाड़ा चैप्टर की ओर से होटल डिलाइट के मोनार्क हॉल में “AI Unlocked: Transforming the Future of Corporate Governance” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कॉरपोरेट गवर्नेंस के क्षेत्र में AI के उपयोग, इसकी संभावनाओं और बदलती रेगुलेटरी व्यवस्थाओं पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ICSI के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस पवन जी चांडक, विशिष्ट अतिथि ओसवाल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक श्री प्रवीण ओसवाल, ICSI सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीएस मनोज कुमार पुरवे तथा NIRC-ICSI के सचिव सीएस राहुल शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता सीए रतन सिंह तंवर ने कंपनी सचिवों के लिए AI टूल्स, बोर्ड मैनेजमेंट एवं रेगुलेटरी कम्प्लायंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता पर व्यावहारिक प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि AI आधारित तकनीकों का प्रभाव कॉरपोरेट क्षेत्र के विभिन्न कार्यों और निर्णय प्रक्रियाओं में तेजी से बढ़ रहा है।

ICSI के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस पवन जी चांडक ने कहा कि बदलती तकनीक के साथ तालमेल बैठाना और कॉरपोरेट गवर्नेंस में AI का सही एवं प्रभावी उपयोग करना वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि AI के उपयोग से कंपनी सचिवों के कार्यों में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ अनुपालन प्रक्रिया को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यशाला के दौरान ओसवाल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक प्रवीण ओसवाल ने उद्योग जगत में नई तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव पर विचार साझा किए। वहीं सीएस मनोज कुमार पुरवे तथा सीएस राहुल शर्मा ने कंपनी सचिवों के लिए आधुनिक कानूनों, AI टूल्स और बदलती रेगुलेटरी व्यवस्थाओं को अपनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम में भीलवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कंपनी सचिव, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं कॉरपोरेट प्रोफेशनल्स शामिल हुए। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को AI के व्यावहारिक उपयोग और कॉरपोरेट गवर्नेंस में इसकी भूमिका की जानकारी मिली।

कार्यक्रम के समापन पर चैप्टर अध्यक्ष सीएस अदिति बाबेल एवं सचिव सीएस वरुण काबरा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रायोजकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में टाइटल स्पॉन्सर OSTWAL Group of Industries सहित CDSL, AU Small Finance Bank, Nitin Spinners Ltd., SaralXBRL, Swaraj Suiting Ltd. एवं BeYours International Foundation का सहयोग रहा।

Tags: