रायला में GST टीम की छापेमारी से हड़कंप, श्रीनाथ आयरन एंड स्टील फर्म के दस्तावेज और स्टॉक खंगाले
भीलवाड़ा के रायला में श्रीनाथ आयरन एंड स्टील फर्म पर जीएसटी टीम की छापेमारी जारी है। दस्तावेज, स्टॉक और जीएसटी बिलों की जांच की जा रही है। जीएसटी चोरी की संभावना के बीच कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा है।
भीलवाड़ा जिले के रायला में श्रीनाथ आयरन एंड स्टील फर्म पर डिप्टी कमिश्नर स्टेट ऑफ जीएसटी भीलवाड़ा की टीम ने छापा मारकर जांच शुरू की है। भीलवाड़ा से पहुंची जीएसटी टीम फर्म के दस्तावेजों, स्टॉक और जीएसटी बिलों की गहन जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि जीएसटी टीम की कार्रवाई पिछले करीब तीन घंटे से लगातार जारी है। टीम फर्म में मौजूद स्टॉक का रिकॉर्ड से मिलान करने के साथ ही जीएसटी से जुड़े बिल और अन्य दस्तावेज खंगाल रही है। इस दौरान बड़े स्तर पर जीएसटी चोरी की संभावना व्यक्त की जा रही है।
जीएसटी टीम की छापामारी की सूचना फैलने के बाद रायला के अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कई दुकानों के मालिक अपनी दुकानें बंद कर भूमिगत हो गए। कार्रवाई की सूचना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
श्रीनाथ स्टील एवं आयरन फर्म के कारोबार में बड़े स्तर पर वित्तीय अनियमितता या जीएसटी में हेरफेर की आशंका को लेकर जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल जीएसटी टीम की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही दस्तावेजों और स्टॉक की जांच में सामने आए तथ्यों से स्थिति स्पष्ट होगी। जांच अधिकारी फिलहाल किसी भी प्रकार की कार्रवाई और जीएसटी चोरी से जुड़ी जानकारी देने से बच रहे हैं तथा मीडिया को भी जानकारी देने से परहेज कर रहे हैं।