भीलवाड़ा के रामस्नेही चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जगद्गुरु स्वामी श्री रामदयाल जी महाराज, स्थानीय विधायक अशोक कोठारी और अन्य गणमान्य लोग नई अत्याधुनिक सोनोग्राफी मशीन का लोकार्पण करते हुए।

भीलवाड़ा के रामस्नेही चिकित्सालय में अत्याधुनिक सोनोग्राफी और कलर डॉप्लर मशीन की सुविधा शुरू की गई है। अंतरराष्ट्रीय श्री रामसनेही संप्रदाय के वर्तमान पीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी श्री 1008 श्री रामदयाल जी महाराज ने नई मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर चिकित्सालय में जूस पार्लर का उद्घाटन भी किया गया। नई तकनीक की मशीन से मरीजों को जांच और उपचार में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

चिकित्सालय प्रभारी बाल किशन काबरा ने बताया कि विश्व की आधुनिक जांच मशीनों में शामिल सैमसंग कंपनी की नई तकनीक से युक्त प्रेस्टीज RS-85 सोनोग्राफी एवं कलर डॉप्लर मशीन स्थापित की गई है। इसका लोकार्पण जगतगुरु स्वामी श्री 1008 श्री रामदयाल जी महाराज ने किया। कार्यक्रम में भीलवाड़ा के विधायक श्री अशोक जी कोठरी और यूआईटी के पूर्व चेयरमैन श्री लक्ष्मी नारायण डाड भी उपस्थित रहे।

चिकित्सालय समिति के सचिव रतन जी दरगड़ ने विधायक श्री अशोक कोठरी को नई सोनोग्राफी मशीन की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मशीन की सुविधा शुरू होने से भीलवाड़ा में छोटी से छोटी गांठ (ट्यूमर) का भी पता लगाया जा सकेगा। पहले इस तरह की जांच के लिए मरीजों को बड़े शहरों में जाना पड़ता था, लेकिन अब विशेषज्ञ डॉक्टर चिकित्सालय में ही आधुनिक मशीन से जांच कराकर उपचार शुरू कर सकेंगे।

विधायक श्री अशोक कोठरी ने कहा कि अनुभवी डॉक्टरों के साथ आधुनिक तकनीक की मशीनें उपलब्ध होने से भीलवाड़ा के मरीजों को इलाज में काफी सुविधा मिलेगी। इससे मरीजों को उपचार के लिए बाहर जाने और महंगा इलाज कराने से मुक्ति मिलेगी।

इस अवसर पर आचार्य श्री ने चिकित्सालय में जूस पार्लर का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में संत श्री मनोरथ राम जी, श्री रामनिवास धाम के ट्रस्टी जगदीश सोमानी, चिकित्सालय के डॉक्टर, प्रबंधक समिति के सदस्य, रामस्नेही भक्तजन और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रामस्नेही चिकित्सालय में अत्याधुनिक सोनोग्राफी एवं कलर डॉप्लर मशीन की शुरुआत से भीलवाड़ा में मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल हुई है।

Tags: