तस्वीर में पीले वस्त्र और काली जैकेट पहने दो अलग-अलग पुरुष दिखाई दे रहे हैं।

भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के आशीर्वाद से भीलवाड़ा पुलक मंच का गठन किया गया है। मंच की कार्यकारिणी में अतुल पाटनी को अध्यक्ष, प्रतीक शाह को संयोजक, संदीप बाकलीवाल को मंत्री, अक्षय टोंग्या को महामंत्री और आदिश चौधरी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनके साथ 25 अन्य दंपति भी पुलक मंच के सदस्य बने हैं।

कार्यकारिणी के गठन के बाद शपथ ग्रहण समारोह रविवार 6 सितम्बर की शाम शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में आचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा।

मंच के अध्यक्ष अतुल पाटनी ने बताया कि भीलवाड़ा पुलक मंच की ओर से राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से पुलक मंच के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। अधिवेशन के आयोजन के लिए शीघ्र ही आचार्यश्री को श्रीफल चढ़ाकर निवेदन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भीलवाड़ा पुलक मंच के माध्यम से मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज की भावना के अनुरूप जिनशासन की सेवा के साथ मानव सेवा और जीव दया के विभिन्न कार्य किए जाएंगे। गुरुदेव के कल्याणकारी संदेश जन-जन तक पहुंचाने में भी मंच अहम भूमिका निभाएगा। पुलक मंच से शीघ्र ही समाज के अन्य सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा।

श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने भीलवाड़ा पुलक मंच के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह आचार्य पुलकसागर महाराज की भीलवाड़ा को अनुपम देन है और इसके माध्यम से भीलवाड़ा में भविष्य में मानव सेवा एवं समाज हित के कार्य किए जा सकेंगे।

Tags: