भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के सख्त निर्देशों के तहत बडलियास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बडलियास थाना क्षेत्र के सरहद गोठड़ा में देवनारायण मंदिर के पास सुनसान खेत की टपरी में चल रहे घोड़ी दाने के जुआ अड्डे पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 1,95,200 रुपये की सट्टा राशि, 2 प्लास्टिक के घोड़ी दाने, 2 प्लास्टिक गिलास और 3 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और पुलिस उप अधीक्षक (मांडलगढ़) योगेश शर्मा के सुपरविजन तथा बडलियास थानाधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान डीएसटी टीम को सूचना मिली कि गोठड़ा में बालू गुर्जर के सिजारे वाले खेत में कुछ लोग समूह बनाकर जुआ खेल रहे हैं और कुछ लोग बाहर निगरानी कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद सवाईपुर चौकी से अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया और खेत को चारों तरफ से घेर लिया गया। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही कुछ आरोपी खेत की तारबंदी फांदकर भाग निकले। वहीं टपरी में हार-जीत का दांव लगा रहे 9 आरोपियों को पुलिस टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद जाहिद पिता मोहम्मद सदीक रंगरेज निवासी गुलनगरी, भीलवाड़ा, शाहरूख हुसैन पिता असलम हुसैन नागौरी लुहार निवासी रामा का कोट, पुलिस थाना बिगौद, भीलवाड़ा, मोहम्मद आरीफ पिता मुस्ताक अहमद छिंपा निवासी बूंदी रोड हसमत कॉलोनी, पुलिस थाना कोतवाली, जिला चित्तौड़गढ़, कैलाश चन्द्र पिता देवी लाल खटीक निवासी खटीक मोहल्ला, पुलिस थाना सिटी कोतवाली, जिला चित्तौड़गढ़, वसीम पिता जब्बार नागौरी लुहार निवासी मक्कट मस्जिद बिगौद, पुलिस थाना बिगौद, जिला भीलवाड़ा, अब्दुल हकीम पिता अल्लादीन बिसायती निवासी कांवा खेड़ा कच्ची बस्ती, पुलिस थाना कोतवाली, जिला भीलवाड़ा, फरमान मंसूरी पिता फारूक मंसूरी पिंजारा निवासी सिपाही मोहल्ला जूना बाजार, पुलिस थाना सिटी कोतवाली, जिला चित्तौड़गढ़, सबीर पठान पिता रफीक पठान निवासी भवानी नगर नूरी मस्जिद के पास, भीलवाड़ा तथा सद्दाम हुसैन पिता बबलू शाह मेवाती निवासी कस्बा चौकी पीछे, पुलिस थाना सिटी कोतवाली, जिला चित्तौड़गढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से आरोपियों की तीन मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना बडलियास पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी जुए के मामलों से भरा हुआ है।

पूरी कार्रवाई में डीएसटी के हेड कांस्टेबल कालूराम धायल का विशेष योगदान रहा। बडलियास थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में जुआ अड्डे से बड़ी नकदी, जुआ सामग्री और वाहन जब्त किए जाने के साथ 9 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

Tags: