भीलवाड़ा: पांसल तालाब में नहाने उतरे मजदूर की डूबने से मौत

अजमेर से चित्तौड़गढ़ जा रहे ट्रक के रुकने पर तालाब में नहाने उतरे तीन मजदूरों में से एक गहरे पानी में समा गया।

Update: 2026-04-24 14:57 GMT

भीलवाड़ा के पांसल तालाब में शुक्रवार को डूबे मजदूर कमरुद्दीन के शव को दो घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बाहर निकालती बचाव दल की टीम।

भीलवाड़ा बाईपास स्थित पांसल तालाब में शुक्रवार को नहाने उतरे एक मजदूर युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में उतरे इस युवक को गहराई का अंदाजा नहीं हुआ और वह पानी में डूब गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बचाव दल ने उसका शव बाहर निकाला।

पुर थाने के दीवान रामचंद्र ने बताया कि ब्यावर जिला निवासी सोनू काठात ट्रक चालक है, जो शुक्रवार को अजमेर से माल लादकर चित्तौडग़ढ़ जा रहा था। ट्रक में उसके साथ हटूंडी निवासी कमरुद्दीन (20) सहित तीन मजदूर भी सवार थे। भीलवाड़ा बाईपास से गुजरते समय मजदूरों ने तालाब देखा और नहाने की इच्छा जताई, जिस पर चालक ने ट्रक रोक दिया। इसके बाद तीनों मजदूर तालाब में नहाने उतर गए।

नहाने के दौरान कमरुद्दीन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख साथ आए अन्य मजदूर घबरा गए और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव दल को बुलाया गया। बचाव दल ने करीब दो घंटे तक तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद कमरुद्दीन का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

यह हादसा गर्मी से राहत के दौरान लापरवाही और पानी की गहराई के सही अनुमान के अभाव में हुई एक दुखद घटना बनकर सामने आया है।

Similar News