भीगोद: बिना नंबरी स्विफ्ट कार से 41 किलो डोडा चूरा जब्त, तस्कर फरार

बीगोद थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में 6 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

Update: 2026-04-24 13:55 GMT

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीगोद थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में डोडा चूरा जब्त किया है। पुलिस ने एक बिना नंबरी स्विफ्ट कार से 40 किलो 950 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन के निर्देशन में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सराणा सरहद में खेतों के कच्चे रास्ते पर एक बिना नंबरी स्विफ्ट कार खड़ी है, जिसमें संदिग्ध वस्तु हो सकती है। सूचना मिलते ही डीएसटी और बीगोद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

मौके पर पहुंची टीम ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें दो प्लास्टिक के कट्टे मिले। कट्टों को खोलकर देखने पर उनमें कुल 40.950 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा पाया गया। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी तस्कर कार को मौके पर छोड़कर अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ और बिना नंबरी स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है। इस संबंध में थाना बीगोद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब कार के इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार तस्कर की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

इस कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय अवैध मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस की सख्ती से तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Similar News