भीलवाड़ा में कार सर्विस के दौरान युवक पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला, 3 लाख के लेन-देन का विवाद आया सामने

भीलवाड़ा के पांसल चौराहे पर कार सर्विस के दौरान युवक पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि विवाद की वजह 3 लाख रुपये का पुराना लेन-देन बताई जा रही है।

Update: 2026-07-09 11:13 GMT

भीलवाड़ा शहर के पांसल चौराहे के समीप अपनी कार की सर्विस करवा रहे एक युवक पर बुलेट सवार दो भाइयों ने लोहे के पाइपों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे दो साल पुराना रुपयों का लेन-देन बताया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

जानकारी के अनुसार, पप्पू नायक (40) पुत्र श्रवण नायक निवासी खारी का लांबा, पांसल चौराहे के पास एक गैराज पर अपनी कार की सर्विस करवा रहा था। इसी दौरान दशरथ नायक अपने भाई पृथ्वीराज के साथ बुलेट पर वहां पहुंचा।

बताया गया कि आरोपियों ने आते ही पप्पू नायक को बुलेट से टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। इससे पहले कि वह संभल पाता, दोनों भाइयों ने उस पर लोहे के पाइपों से जानलेवा हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल को आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया।

घायल पप्पू नायक ने बताया कि उसने दो साल पहले दशरथ को 3 लाख रुपये उधार दिए थे। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने रंजिश रखते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Tags:    

Similar News