तस्वीर में रेलवे ट्रैक पर पड़े शव के पास जांच करते पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।

भीलवाड़ा में मोबाइल फोन देखने से मां के रोकने और टोकने से नाराज होकर घर से निकली आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय किशोरी जयपुर में सुरक्षित मिल गई। किशोरी के लापता होने के बाद परिजनों ने भीमगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जयपुर के ब्रह्मपुरी थाना पुलिस की सूचना पर भीमगंज थाना पुलिस किशोरी को भीलवाड़ा लेकर आई और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरी के सुरक्षित मिलने से परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, किशोरी भीलवाड़ा शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में रहती है और स्थानीय स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है। बुधवार को वह घर पर बैठकर मोबाइल फोन देख रही थी। इसी दौरान उसकी मां ने उसे मोबाइल देखने से कड़ाई से मना किया और टोका। मां की डांट से नाराज होकर किशोरी ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया।

शाम करीब पौने पांच बजे वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई। इसके बाद जब वह वापस नहीं लौटी और परिजनों को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। अंततः मां भीमगंज थाने पहुंची और किशोरी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई।

इसी दौरान लापता किशोरी जयपुर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में घूमती हुई मिली। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें किशोरी ने घर से नाराज होकर निकलने की बात बताई। इसके बाद ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने भीलवाड़ा के भीमगंज थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर एएसआई भंवरलाल मीणा पुलिस टीम के साथ जयपुर पहुंचे। पुलिस टीम किशोरी को सुरक्षित भीलवाड़ा लेकर आई और परिजनों को सौंप दिया। किशोरी के सकुशल मिलने के बाद परिवार को राहत मिली।

गलत बस में बैठने से जयपुर पहुंची किशोरी

पुलिस को किशोरी ने बताया कि घर से नाराज होकर निकलने के बाद वह अपने रिश्तेदारों के पास सावर जाना चाहती थी। इसके लिए वह रोडवेज बस स्टैंड पहुंची। वहां सावर और जयपुर जाने वाली बसें पास-पास खड़ी थीं। इसी दौरान वह गलती से सावर जाने वाली बस के बजाय जयपुर जाने वाली बस में बैठ गई। इस कारण वह सावर पहुंचने के बजाय जयपुर पहुंच गई, जहां पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।

Tags: