भीलवाड़ा जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता: दूसरे दिन खिलाड़ियों का दिखा उत्साह

फॉर आर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित इस प्रतियोगिता में यशविता, अक्षराज और महिराज सहित कई युवा शटलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई।

Update: 2026-05-25 14:11 GMT

भीलवाड़ा के सांगानेर स्थित फॉर आर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दौरान एक प्रतिभागी खिलाड़ी और कोच।

भीलवाड़ा, 25 मई 2026। उपनगर सांगानेर स्थित फॉर आर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में जिला बैडमिंटन संघ, भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन शटलर्स का दबदबा देखने को मिला। प्रथम वरीयता प्राप्त यशविता, अक्षराज, महिराज और नविष्ठी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश सुनिश्चित किया। 28 मई तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अंडर-11 से लेकर सीनियर और मास्टर्स वर्ग तक के महिला-पुरुष खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

जिला बैडमिंटन संघ के सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन कोर्ट पर खिलाड़ियों का जोश देखते ही बनता था। संयुक्त सचिव भूपेन्द्र सिंह पंवार ने विस्तृत परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि छात्र सिंगल अंडर-11 वर्ग में अपूर्व जगदीश ने सार्थक व्यास को 21-18, 21-11 से पराजित किया। इसी वर्ग में आरव माहेश्वरी ने नवांश माहेश्वरी को 21-14, 21-10 से और वैदिक कुमार वत्स ने कड़े संघर्षपूर्ण मुकाबले में बत्तीन दाधीच को 21-12, 21-23, 21-13 से मात दी। छात्र सिंगल अंडर-13 वर्ग में अक्षत सिंह गौड ने रूद्र बुलिया को 21-15, 21-16 से, तर्प जैन ने अपूर्व लक्ष्य को और महिराज सिंह पंवार ने जगदीश को 21-7, 21-9 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

अंडर-15 छात्र वर्ग के मुकाबलों में समर चौधरी ने लवण्य कुमावत को 21-7, 21-9 से, लक्ष्यप्रताप सिंह ने आर्यन शर्मा को 21-13, 21-17 से, अक्षराज श्रोत्रिय ने पुष्पविजय नुषाल को 21-12, 21-14 से तथा अभिषेक गुर्जर ने रोहन रगवानी को 21-1, 21-7 से हराया। इसी आयु वर्ग की छात्रा सिंगल श्रेणी में यशविता मेवाडा ने अंजली तेली को तथा नविष्ठी माहेश्वरी ने दिव्यांशी खोखर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर-17 छात्र सिंगल वर्ग में नितेश चौधरी ने अर्जुन कोठारी को 21-11, 21-17 से, शिवम विजयवर्गीय ने राधाकिशन जाट को 21-11, 21-15 से और सिद्धार्थ सिंह ने गौरव वैष्णव को 21-7, 21-14 से पराजित किया। भीलवाड़ा के बैडमिंटन परिदृश्य में यह आयोजन युवा खिलाड़ियों के कौशल को निखारने का एक सशक्त मंच बनकर उभरा है।

Similar News