भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा द्वारा सात दिवसीय अभिरुचि शिविर का शुभारंभ

भीलवाड़ा के सेंट्रल अकैडमी में आयोजित इस शिविर में बच्चों और युवाओं को विभिन्न कलाओं व कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Update: 2026-05-25 14:04 GMT

भीलवाड़ा के सेंट्रल अकैडमी में आयोजित सात दिवसीय अभिरुचि शिविर के उद्घाटन अवसर पर भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा के सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे।

भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद वीर शिवाजी शाखा द्वारा आजाद नगर स्थित सेंट्रल अकैडमी, रामधाम रोड पर आयोजित सात दिवसीय ‘अभिरुचि शिविर’ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ, जिसमें बच्चों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। शिविर के प्रथम दिन आयोजित विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।

शाखा अध्यक्ष कमलेश बोड़ाना ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय बच्चों एवं युवाओं की नैसर्गिक प्रतिभाओं को निखारना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं संस्कारों का बीजारोपण करना है। शिविर में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा संगीत, ढोलक-तबला, कंप्यूटर डिजाइनिंग, मेहंदी, स्केच एवं कैनवास पेंटिंग, ब्यूटी पार्लर, पब्लिक स्पीकिंग, डिजिटल मार्केटिंग, क्राफ्ट एवं बॉटल आर्ट, डांस, गरबा, फ्री स्टाइल डांस, स्केटिंग एवं बैडमिंटन जैसी विविध विधाओं का सघन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

शिविर प्रभारी हीना सारस्वत ने जानकारी दी कि प्रतिभागियों को उनकी व्यक्तिगत रुचि के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे नई कलाओं में दक्षता प्राप्त कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकें। इस दौरान अनुशासन और संस्कारों के समावेश पर विशेष बल दिया जा रहा है। कार्यक्रम की महत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिदिन शिविर के अंतिम आधे घंटे में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां तथा आरटीओ अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर ठगी से बचाव के सुरक्षात्मक उपाय साझा किए जा रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर बच्चों, अभिभावकों एवं शाखा सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने शिविर के महत्व को रेखांकित किया।

Similar News