तस्वीर में बारां शहर के सड़क मार्ग पर नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर मतदान जागरूकता के लिए साइकिल चलाते हुए अधिकारी और स्कूली विद्यार्थी नजर आ रहे हैं।

नगर निकाय आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में मतदाताओं को आगामी 9 सितम्बर को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

शहर के अस्पताल रोड स्थित डिसेंट पब्लिक स्कूल से साइकिल रैली का शुभारंभ सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी अमित भार्गव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “बारां जिले की यही पहचान, शत् प्रतिशत हो मतदान” के संकल्प के साथ प्रत्येक मतदाता को आगामी 9 सितम्बर को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। साइकिल रैली अस्पताल रोड से रवाना होकर धर्मादा चौराहा, वार्ड नंबर 43 की कृष्णा कॉलोनी एवं पंजाबी कॉलोनी होते हुए ईदगाह तिराहा पहुंची।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जन एवं विद्यार्थियों को ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से पंजीयन करने, मतदाता सूची में अपना नाम देखने तथा मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

रैली के समापन पर प्रतिभागियों ने हॉस्पिटल रोड पर मानव श्रृंखला बनाकर मतदान जागरूकता के नारे लगाए तथा आगामी 9 सितम्बर को होने वाले मतदान में शत-प्रतिशत भागीदारी का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश शर्मा, निदेशक डी.पी. सिंह, प्रधानाचार्य रघुवीर कारपेंटर, ईएलसी प्रभारी राजेंद्र शर्मा, स्वीप सदस्य कपिल नागर, नरेश कुमार सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आगामी नगर निकाय आम चुनाव में अधिकतम भागीदारी का संदेश दिया गया।

Tags: