सर्द हवाएं, कोहरा और बारिश- पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठिठुरन, चक्रवाती तूफान के असर से कई राज्यों में बरसेंगे बादल|
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात अकवान के प्रभाव से बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत में बारिश होगी, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में पारा गिरेगा।

चक्रवात अकवान के असर और पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं के कारण उत्तर भारत में सुबह घना कोहरा छाया रहा|
मौसम का मिजाज इन दिनों धीरे-धीरे बदल रहा है और सर्दी की दस्तक साफ महसूस होने लगी है। 22 नवंबर के लिए मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश, कोहरे और बढ़ती ठंड को लेकर जानकारी दी है। एक तरफ उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह के वक्त कोहरा दिख रहा है और ठंड बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ चक्रवात अकवान के असर से कम से कम 10 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार भी बने हुए हैं, जिससे मैदानी इलाकों में सर्द हवाओं का असर और गहरा सकता है।
उत्तर भारत में ठंड, कोहरा और पहाड़ों की बर्फबारी
उत्तर भारत के राज्यों में सर्दी बढ़ने लगी है। यूपी, बिहार, दिल्ली और पंजाब-हरियाणा में 22 नवंबर की सुबह कोहरा छाया रहा, हालांकि दिन के समय धूप खिली रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में मौसम शुष्क रहने की बात कही गई है, लेकिन वहां कोहरा छाया रहेगा।
किन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अकवान की वजह से कम से कम 10 राज्यों में बारिश की संभावना है। इनमें बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, सिक्किम, मिजोरम और मेघालय शामिल हैं, जहां मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बूंदाबांधी होने की संभावना जताई गई है, हालांकि फिलहाल दिल्ली और यूपी में ज्यादा बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। इसके अलावा पुडुचेरी और कराइकल में 22 और 23 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली में कोहरा, हवा और तापमान का हाल
राजधानी दिल्ली में सुबह कोहरा छाया रहा और दिन में भी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। इससे पहले हवा की गति बेहद कम होने के कारण प्रदूषण का असर देखा जा रहा था, लेकिन आज हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने का अनुमान है, जिससे प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में गिरता पारा और कोहरे की स्थिति
उत्तर प्रदेश में तापमान लगातार नीचे जा रहा है और रात का तापमान 13 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं प्रदेश में सर्दी को और बढ़ा सकती हैं। मथुरा, अलीगढ़, आगरा, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, कानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, गोंडा, बहराइच और वाराणसी में 23 नवंबर को भी सुबह कोहरा छाया रह सकता है, जबकि बारिश की ज्यादा संभावना नहीं है।
बिहार और झारखंड में चक्रवात का असर
चक्रवाती तूफान अकवान का असर बिहार और झारखंड के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। बिहार के मुंगेर, पश्चिमी चंपारण, गया, कटिहार, अरवल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, गोपालगंज और जमुई में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं झारखंड के गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रांची, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, पलामू और लातेहार में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बढ़ती सर्दी
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में ठंड तेजी से बढ़ने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, सोलन, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा में बर्फबारी हो सकती है, जिसका असर आसपास के इलाकों में ठंड के रूप में महसूस किया जा सकता है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
