गर्मी से बेहाल मुंबई तो दूसरी तरफ कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी से बढ़ी हलचल|
उत्तर भारत से मॉनसून के लौटने के बाद मौसम विभाग ने दक्षिण, पूर्व और उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।

बारिश के दौरान छाता लेकर सड़क पर चलते लोग, मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर भारत से मॉनसून की वापसी हो चुकी है और ज्यादातर हिस्सों से यह वापस जा चुका है। हालांकि, देश के कई अन्य राज्यों में अब भी भारी बारिश और मौसम में बदलाव का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है, जबकि पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में तेज हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वी भारत में भी बारिश का अलर्ट है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में काफी ज्यादा बारिश होगी। इसके अलावा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडिशा में बारिश दर्ज की जाएगी। ओडिशा में आंधी चलने की आशंका जताई गई है। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होगी, साथ ही नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है।
दक्षिण भारत के यनम, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भी बारिश का अनुमान है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का अलर्ट है, जबकि आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में तेज हवाएं चलेंगी।
दूसरी ओर, मुंबई में शनिवार को गर्मी और उमस का माहौल बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। शहर की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है, और मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 179 दर्ज किया गया, जो हाल के महीनों की आम गुणवत्ता में गिरावट को दर्शाता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 48 घंटों के दौरान मुंबई और उसके उपनगरों में मुख्य रूप से साफ आसमान रहने का अनुमान लगाया है। अधिक उमस के कारण परेशानी बढ़ सकती है, हालांकि वीकेंड के लिए लू की कोई आधिकारिक चेतावनी जारी नहीं की गई थी, लेकिन विभाग का कहना है कि शनिवार को लू जैसे हालात बने रह सकते हैं।
राजस्थान में कई स्थानों पर रविवार को बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है। इसके असर से 10-11 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनू और आसपास के जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

Lalita Rajput
इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
