मत्स्य सहकारी संस्था की सूखा मुआवजा मांग, तालाबों का जलस्तर घटा
लीज राशि जमा होने के बावजूद तालाबों में 25-30% पानी बचा है, जिससे मछली बीज संचयन और आय प्रभावित हुई है; प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

हिंगणघाट में सूखे से घटे जलस्तर के बीच बाला भोई मत्स्य सहकारी संस्था ने मुआवजे हेतु ज्ञापन सौंपा।
हिंगणघाट। तालाबों में तेजी से घटते जलस्तर ने मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सूखे की स्थिति के कारण इस वर्ष मत्स्य उत्पादन से आय की उम्मीद खत्म होती नजर आ रही है। ऐसे में बाला भोई मत्स्य व्यवसायिक सहकारी संस्था ने किसानों की तर्ज पर मत्स्य व्यवसाय करने वाली सहकारी संस्था को भी सूखा नुकसान मुआवजा देने की मांग उठाई है।
इस संबंध में संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक समीर कुणावार, वर्धा के सहायक मत्स्य आयुक्त, हिंगणघाट तहसीलदार और जलसंधारण विभाग के उपविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की।
संस्था ने जिला परिषद जलसंधारण सिंचाई उपविभाग, हिंगणघाट से गांव का तालाब पट्टे (लीज) पर लिया है। इसके लिए लीज की पूरी राशि पहले ही जमा कराई जा चुकी है। इसके बावजूद मौजूदा सूखे की स्थिति के चलते तालाब में अब केवल 25 से 30 प्रतिशत पानी ही शेष बचा है, जो लगातार तेजी से कम हो रहा है।
तालाब में मत्स्य बीज संचयन कर मछली उत्पादन करने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है। इसके कारण इस वर्ष संस्था को मत्स्य उत्पादन से कोई आय नहीं मिलने की स्थिति बन गई है। इससे संस्था के साथ ही उससे जुड़े मछुआरा सदस्यों को भी भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संस्था की ओर से ज्ञापन में कहा गया है कि शासन ने मत्स्य व्यवसाय को कृषि का दर्जा प्रदान किया है। वहीं, वर्धा जिले और हिंगणघाट तहसील को सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका है। ऐसे में मत्स्य व्यवसाय को मिले कृषि के दर्जे को ध्यान में रखते हुए किसानों की तरह मत्स्य व्यवसायिक सहकारी संस्था को भी सूखा नुकसान मुआवजा दिया जाना चाहिए।
संस्था ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर नुकसान भरपाई मंजूर करने की मांग की है, ताकि सूखे के कारण प्रभावित मत्स्य कारोबार और मछुआरा सदस्यों को आर्थिक राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संस्था के अध्यक्ष अशोक मोरे के साथ धर्मदास गाढवे, चंद्रशेखर दाते, प्रदीप बावणे, राजू ढाले, अनिल ढाले, रमेश ढाले, आशिष सुरजुसे, सुभाष कोल्हे, तेजस मोरे, ओम भडके, विक्रम मोरे सहित संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
