आवागमन काफी धीमा हो गया जिस वजह से मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति संभालने के लिए 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और महिला से पूछताछ की।

गुजरात। सड़क पर ट्रैफिक जाम का कारण आमतौर पर हादसे या प्रदर्शन होते हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग ही निकला। गुजरात में एक महिला पानीपुरी विक्रेता से नाराज़ होकर बीच सड़क पर बैठ गई, जिससे यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। वजह थी—20 रुपये में सिर्फ 4 गोलगप्पे दिए जाना।

महिला के बैठ जाने से कई वाहन रुक गए तो कईयों ने बाजु से रास्ता निकाल लिया। आवागमन काफी धीमा हो गया जिस वजह से मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति संभालने के लिए 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और महिला से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला फूट-फूटकर रोने लगी। उसने आरोप लगाया कि पानीपुरी वाले ने उसे 20 रुपये में मात्र 4 गोलगप्पे दिए और पानीपुरी वाला हर बार उसके साथ ऐसा ही करता है। कम गोलगप्पे देकर पैसे ज्यादा वसूलता है। और इसके चलते महिला बिफर गई और विरोधस्वरूप मुख्य सड़क पर ही बैठ गई। राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अड़ी रही।


कानूनी रूप से देखें तो महिला का इस तरह बीच सड़क पर बैठकर जाम लगाना सार्वजनिक व्यवस्था में बाधा डालने की श्रेणी में आता है। भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 268 (लोक उपद्रव) और धारा 283 (सार्वजनिक रास्ते में अवरोध) के तहत इस पर कार्रवाई हो सकती है। वहीं पानीपुरी विक्रेता द्वारा मनमाना दाम वसूलना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत शिकायत योग्य मामला है। स्थानीय पुलिस ने फिलहाल दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल सार्वजनिक असुविधा पैदा करती हैं, बल्कि सड़क हादसों का भी कारण बन सकती हैं।

यह घटना सिर्फ गोलगप्पों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे छोटे-छोटे विवाद कभी-कभी सार्वजनिक व्यवस्था को चुनौती दे देते हैं। सवाल यह भी उठता है कि अगर लोग हर छोटे मसले पर सड़क जाम करेंगे, तो आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात की सुचारु व्यवस्था किस तरह बनी रहेगी।

Updated On 19 Sept 2025 8:22 PM IST
Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story