मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब हल्दी की रस्म के बाद दुल्हन की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिस दुल्हन राखी को परिवार बड़े उत्साह और रीति-रिवाजों के साथ हल्दी लगा रहा था, वही रस्म उसके लिए जानलेवा साबित हुई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन जांच में जुट गया है।

जानकारी के अनुसार, कसरावद निवासी राखी की शादी 26 अप्रैल को तय थी। शादी से पहले 22 अप्रैल को घर में हल्दी की रस्म आयोजित की गई थी। परिवार और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पारंपरिक तरीके से दुल्हन को हल्दी और उबटन लगाया गया। इसी दौरान अचानक राखी के शरीर पर लाल दाने और निशान उभरने लगे। कुछ ही देर में उसे तेज खुजली और एलर्जी जैसी शिकायत होने लगी।

परिजनों के अनुसार, हल्दी लगाने के तुरंत बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने लगातार उपचार किया, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इलाज के दौरान करीब 15 दिन पहले उसकी मौत हो गई।

प्राथमिक तौर पर डॉक्टर इस मामले को हाइपर सेंसिटिविटी या गंभीर एलर्जी रिएक्शन से जोड़कर देख रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि हल्दी या उबटन में मौजूद किसी तत्व के कारण यह रिएक्शन हुआ हो सकता है। घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बाजार में बिकने वाली हल्दी और उबटन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

इंदौर के बाद खरगोन जिले से सामने आई इस घटना ने शादी समारोहों में इस्तेमाल होने वाले सौंदर्य प्रसाधनों और घरेलू सामग्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। एक परिवार, जो शादी की तैयारियों में जुटा था, अब बेटी की मौत के सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story