चीन के शंघाई में 22 से 27 सितम्बर, 2026 तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखण्ड के दो युवाओं ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल किए। उत्तरकाशी की सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और देहरादून के पार्थ वोहरा ने औद्योगिक डिजायन तकनीकी कौशल में रजत पदक जीता।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धाम एवं कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने सानिया जोशी और पार्थ वोहरा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रतिष्ठित कौशल मंच पर उत्तराखण्ड के युवाओं द्वारा देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक अर्जित करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं को भी कौशल विकास एवं उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

परियोजना निदेशक उत्तराखण्ड कौशल विकास समिति श्री नरेन्द्र सिंह भण्डारी ने बताया कि वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता को कौशल के क्षेत्र में ओलंपिक के समान प्रतिष्ठित वैश्विक मंच माना जाता है। प्रतियोगिता में लगभग 1,400 प्रतिभागियों ने 64 विभिन्न कौशल विधाओं में प्रतिभाग किया। भारत ने 8 रजत पदक एवं 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस प्राप्त कर विश्व स्तर पर 10वां स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

उन्होंने बताया कि सानिया जोशी एवं पार्थ वोहरा ने इंडियास्किल्स की राज्य, क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डस्किल्स के लिए स्थान बनाया। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग तथा उत्तराखण्ड कौशल विकास समिति ने दोनों प्रतिभागियों को प्रशिक्षण, बूट-कैंप, यात्रा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों के लिए नेशनल स्कील डेवलल्पमेंट कॉरपोरेशन ने भी आवश्यक प्रशिक्षण एवं सहयोग दिया।

वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में सानिया जोशी और पार्थ वोहरा के रजत पदक के साथ उत्तराखण्ड के युवाओं ने अंतरराष्ट्रीय कौशल मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story