उत्तरकाशी: उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू के निर्देश
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र से ट्रैकर्स की सकुशल वापसी, भोजन, इलाज और सड़कों की तत्काल मरम्मत के दिए निर्देश।

तस्वीर में चश्मा पहने और सूट धारण किए हुए एक व्यक्ति वक्तव्य दे रहा है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स एवं पोर्टर की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्ली से ही आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क कर उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक पयर्टक को सकुशल उनके घरों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी पयर्टकों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनके भोजन सहित अन्य आवश्यकताओं का भी समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थ यात्री और पयर्टक हमारा अतिथि है, अत: प्रत्येक व्यक्ति की सहायता करना राज्य का दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने विगत दिनों बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा। उन्होंने बंद सड़कों को खोलने और बरसात के कारण खराब सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी से प्रभावित ट्रैकर्स एवं पोर्टर की सुरक्षित वापसी, उनके उपचार, भोजन और अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था के साथ बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य और सड़क बहाली को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
