देहरादून। उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी को लेकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर वार्ता कर अभियान की विस्तृत जानकारी लेते हुए ट्रैकर्स एवं पोर्टर्स की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैकिंग एवं पर्वतारोहण के लिए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में गए सभी ट्रैकर्स एवं पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने और प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में गए पर्यटकों को भी सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ उनके लिए आवश्यक चिकित्सकीय सहायता, भोजन एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभाग पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। ऐसे में राहत एवं बचाव अभियान के दौरान ट्रैकर्स, पोर्टर्स और प्रभावित पर्यटकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story