Uttarkashi News: हर्षिल में फंसे ट्रैकर्स का संयुक्त रेस्क्यू अभियान जारी
उच्च हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम के बीच सेना और आपदा प्रबंधन टीमें जुटीं; हेलीपैड पर एम्बुलेंस व भोजन की व्यवस्था।

उत्तरकाशी के हर्षिल हेलीपैड पर रेस्क्यू अभियान का जायजा लेते जिलाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
हर्षिल/उत्तरकाशी। जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए चलाए जा रहे अभियान का जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से रेस्क्यू अभियान की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने ट्रैकर्स की लोकेशन, मौसम की स्थिति तथा हवाई और पैदल बचाव अभियानों के बारे में टीमों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें आपसी समन्वय से अभियान जारी रखे हुए हैं और ट्रैकर्स को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित रेस्क्यू किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने हर्षिल हेलीपैड पर एम्बुलेंस, चिकित्सा दलों और राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेस्क्यू होकर पहुंच रहे ट्रैकर्स को तत्काल प्राथमिक उपचार के साथ गर्म कपड़े और भोजन-पानी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उच्च हिमालयी क्षेत्र में विपरीत मौसम के बीच ट्रैकर्स की सुरक्षित वापसी के लिए संयुक्त रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान में जुटी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
